- Hindi News
- आईपीएस पालीवाल मेघवाल बीएसएफ के महानिरीक्षक
आईपीएस पालीवाल मेघवाल बीएसएफ के महानिरीक्षक
मारवाड़ के सपूत पोकरण के लवां गांव के भाणेज आईपीएस अनिल पालीवाल तथा जैसलमेर जिले के ही पोकरण उपखण्ड के नाड़ेवा गांव निवासी आईपीएस डॉ. . बीआर मेघवाल सीमा सुरक्षा बल में महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए हैं। उन्हें बीएसएफ मुख्यालय ने बांग्लादेश से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।
भारतीय पुलिस सेवा के 1994 बैच के राजस्थान कैडर के अधिकारी अनिल पालीवाल हाल ही में प्रतिनियुक्ति पर सीमा सुरक्षा बल में गए हैं। उन्हें दो दिन पूर्व ही साउथ बंगाल फ्रंटियर में महानिरीक्षक पद पर पदस्थापित किया है। भीलवाड़ा जिले में सीओ के पद से पहली फील्ड पोस्टिंग के साथ जयपुर सिटी में पुलिस अधीक्षक के पद से अपने कॅरियर की शुरूआत करने वाले पालीवाल जैसलमेर, चित्तौडगढ़, सीकर, उदयपुर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर साउथ में पुलिस अधीक्षक तथा एडिशनल कमिश्नर जयपुर के पद पर रहे हैं। इसके अलावा अजमेर रेंज में भी वे पुलिस महानिरीक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। जैसलमेर में पाक जासूस जाफरिया चूड़ा के पुलिस हिरासत से भागने के बाद उन्होंने अपने अथक प्रयासों कड़ी मेहनत के बाद वापस सलाखों के पीछे पहुंचाया था। अब पालीवाल ने बांग्लादेश से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के साउथ बंगाल फ्रंटियर के महानिरीक्षक का पद संभाल लिया है। इसी तरह पश्चिमी बंगाल कैडर के 1992 बैच के आई.पी.एस डॉ. बीआर मेघवाल भी बीएसएफ से पहले सीबीआई में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
बीएसएफ में प्रतिनियुक्ति पर आने के बाद करीब 3 साल तक वे सीमा सुरक्षा बल जैसलमेर सेक्टर नाॅर्थ के उपमहानिरीक्षक पद पर पदस्थापित रह चुके हैं। कुछ माह पूर्व जैसलमेर से नई दिल्ली में बीएसएफ के फोर्स हेडक्वार्टर में उनकी पोस्टिंग हुई थी। अब वे महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हो गए हैं। उन्हें स्पेशल डीजी बंगाल हैडक्वार्टर में पीएसओ के पद पर तैनात किया है। उनके पास स्पेशल डीजी का भी चार्ज है।
आईपीएस अनिल पालीवाल।