बसंत पंचमी के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम
पोकरण | विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबंध द्वारा संचालित आदर्श शिक्षण संस्थान जैसलमेर द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर बालिका के प्रांगण में शुक्रवार को बसंत पंचमी के शुभ पर्व पर विद्यारंभ संस्कार कार्यक्रम रखा गया। पंजीयन प्रभारी भैरूदान राव ने बताया कि शहर की विभिन्न बस्तियों से 51 भैया बहिनों के साथ उसके माता-पिता पधारे और संस्कार करवाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपनी भारतीय संस्कृति में जो सोलह संस्कार होते थे उसमें सबसे मुख्य संस्कारों में से एक था। विद्यारंभ संस्कार जो बसंत पंचमी के दिन यज्ञ सरस्वती पूजा के साथ गुरू कुलों में भैया बहिनों का प्रवेश किया था। उसी परंपरा को जीवित रखने के उद्देश्य से अपने विद्या मंदिर में बसंत पंचमी के दिन विद्यारंभ संस्कार कार्यक्रम आयोजित कर भैया बहिनों का प्रवेश किया गया। प्रधानाचार्य जेठूसिंह भाटी ने बताया कि शुक्रवार को 12.15 बजे सभी भैया बहिनों ने विद्यालयों के लिए घर से प्रस्थान किया। दोपहर 2 बजे पंडित अशोक कुमार ओझा द्वारा यज्ञ का शुभारंभ किया गया। जिसमें सभी भैया बहिनों तथा अभिभावकों ने यज्ञ में आहुतियां दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बाड़मेर के विभाग सेवा प्रमुख चिरंजीलाल सोनी, माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य कमलकिशोर, बालिका भाग की प्रधानाचार्य श्रीमती रेणु रंगा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन गंगासिंह परिहार ने किया। इसी के साथ शहर की मां शारदा विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में डायरेक्टर किशाेरदान बाहरठ की अध्यक्षता में बसंत पंचमी पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इससे पहले मांस सरस्वती की प्रतिमा पर तिलक लगाकर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने गुरूजनों के तिलक लगाकर गुरू वंदना की। सांस्कृतिक प्रभारी सरिता कंवर ने बसंत ऋतु के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध करवाई। इस अवसर पर प्रधानाध्याक महेश रंगा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसी प्रकार शहर की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया में बसंत पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक नागौरा ने बताया कि बसंत पंचमी के अवसर पर छात्र छात्राओं को बसंत ऋतु के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध करवाई। इस अवसर छात्रा अमिता, तारा, मनीषा, मीना, रिंकू, माया, अनिता, खुशबु, सोनम, ने मां सरस्वती पर विशेष भजन प्रार्थनाएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के तहत प्रधानाध्यापक अशोक नागोरा सहित स्टॉफ ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर बसंत पंचमी का पर्व मनाया गया।
भीखोडाई|बलाड़ ग्राम पंचायत के राजस्व गांव रूपसर में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को बसंत पंचमी समारोह उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अध्यापक चन्द्रपाल द्वारा विद्यार्थियों के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने पीले रंग के फूल चढ़ाकर दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। साथ ही छात्रों को मां सरस्वती के जन्म रहस्य को बताने के साथ प्रकृति में आने वाली नई उमंग उत्साह के बारे में बताया इस दौरान बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।