‘भाजपा को सरकार नहीं चलानी आती’
राजस्थानसरकार आम आदमी के साथ धोखा कर रही है। मुख्यमंत्री आमजन के सामने झूठ बोल रही है और इस बात से वह बेखबर है कि सच कभी छिपता नहीं है। आम जनता को मूर्ख बना रही इस भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री को सरकार चलानी ही नहीं आती है। यह बात प्रदेश महासचिव के पद पर नियुक्त होने के बाद पहली बार पोकरण पहुंची श्रीमती सुनीता भाटी ने शनिवार को दैनिक भास्कर के विशेष बातचीत के दौरान कही।
प्रदेश महासचिव भाटी ने कहा कि कांग्रेस के उच्च पदाधिकारियों द्वारा जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है वह उस जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएगी। साथ ही क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा आमजन के साथ किए जा रहे छल तथा कपट से आमजन को अवगत करवाएगी।
स्थानीय राजनीति में पूर्व पीसीसी महासचिव रूपराम धणदै और फकीर परिवार की आपसी कलह के बारे में उन्होंने कहा कि पीसीसी महासचिव का पद उन्हें उच्चाधिकारियों ने सौंपा है। पीसीसी महासचिव का पद सौंपने के पीछे अगर कोई राजनीति है तो उस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यह प्रदेश स्तर का निर्णय है।
बाड़मेर में रिफाइनरी में अशोक गहलोत सरकार द्वारा कम करार को लेकर भाजपा सरकार द्वारा नया करार करने की बात पर रिफाइनरी का कार्य रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अशोक गहलोत सरकार पर जो लांछन लगा रही है वह पूर्ण रूप से निराधार है। गहलोत सरकार द्वारा आमजन की आकांक्षाओं तथा मांग को ध्यान में रखते हुए कार्य किया गया है। भाजपा सरकार की मंशा यही रही है कि अगर रिफाइनरी चालू हो जाती है तो इसमें गहलोत सरकार का नाम होगा। उन्हें आमजन की आवश्यकताओं तथा मांगों का कोई ध्यान नहीं है। मुख्यमंत्री महारानी साहेबा इन दिनों कुंभकरणी नींद में सो रही है उन्हें लोगों की जरूरत से कोई लेना देना नहीं है।
सुनीता भाटी