मानासर में पेयजल सुचारू नहीं हुई तो ग्रामीण करेंगे आंदोलन
पोकरण (आंचलिक) | उपतहसीलफलसूंड क्षेत्र के मानासर क्षेत्र के आस-पास सभी पंचायतों के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर गांवों में पेयजल सप्लाई सुचारू करवाने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत सिंह जोधा ने बताया कि ग्राम पंचायतों में पेयजल की समस्या होने के कारण ग्रामीणों को महंगे दामों में पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि मानासर में जलदाय विभाग द्वारा बनाई गई सभी जीएलआर सुखी पड़ी है।
लेकिन जलदाय विभाग द्वारा कर्मचारियों ठेकेदार द्वारा अस्थाई तौर रखे कर्मचारियों को भुगतान किया जा रहा है। वहीं अधिकारियों द्वारा भी ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाता है लेकिन निरीक्षण के दौरान कागजों में जीएलआर में पानी बताकर निरीक्षण की इतिश्री कर देते हैं। उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में हो रहे अवैध कनेक्शनों को नहीं काटने के कारण क्षेत्र की सभी जीएलआर पानी के अभाव में सूखी पड़ी है।
उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए बताया कि जलदाय विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा अवैध कनेक्शन करवाकर पानी का बेचान करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब भी जलदाय विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने की बात करते है तो उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते अवैध कनेक्शन कर पानी के टैंकर भी भरवाए जा रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को अवगत करवाया गया लेकिन अभी तक अधिकारियों द्वारा इस संबंध में काेई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि आगामी दिन में गांव में पेयजल सप्लाई सुचारू नहींं की गई तो ग्रामीणों द्वारा जलदाय विभाग के आगे धरना विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीएम नरेन्द्रपाल सिंह शेखावत ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को मानासर क्षेत्र के सभी जीएलआर में पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को मानसर क्षेत्र के आस-पास हो रहे अवैध कनेक्शन को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पोकरण (आंचलिक) मानासर क्षेत्र की जीएलआर पानी के अभाव में सूखी पड़ी।