सीएम को बताई खाद की किल्लत से परेशानी
प्रतापगढ़चित्तौड़गढ़ जिले में यूरिया खाद की किल्लत को लेकर छोटीसादड़ी, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सोमवार को जयपुर में मुख्यमंत्री वसुंधरा से भेंट कर किसानों की व्यथा से अवगत कराते हुए दोनों जिलो में पर्याप्त यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
कृपलानी ने मुख्यमंत्री को बताया कि दो दिन पूर्व किए गए आग्रह पर दोनों जिलो में खाद भिजवाया गया था। लेकिन इससे किसानों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पाई। अभी भी खाद के लिए मारामारी चल रही है तथा किसान काफी परेशान हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों जिलों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने की व्यवस्था के साथ किसानों को राहत प्रदान कराने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी एवं कृषि मंत्रालय के शासन सचिन कुलदीप रांका को निर्देश दिए कि चित्तौड़गढ एवं प्रतापगढ़ जिले में यूरिया खाद की शीघ्र एवं पर्याप्त आपूर्ति कराई जाए। विधायक कृपलानी के साथ पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निंबाहेड़ा नगरपालिका अध्यक्ष शंकरलाल राजोरा उपाध्यक्ष पारस पारख भी उपस्थित थे।