प्रतापगढ़ | जिलाकिसान यूनियन की ओर से वर्ष 1998 से वर्ष 2014 तक कटे हुए सभी अफीम पट्टों को बहाल करने की मांग को लेकर कलेक्ट्री के समक्ष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने नई अफीम नीति वर्ष 2014-15 को लेकर कलेक्टर रतन लाहोटी को वित्तमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
जिला किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामनारायण जाट, अफीम लंबरदार बंशीलाल शर्मा, धनराज कुमावत, मोहन सिंह मीणा, मदन सिंह आदि के नेतृत्व में अफीम काश्तकार सोमवार को कलेक्ट्री पहुंचे। काश्तकारों ने कलेक्ट्री के समक्ष धरना देकर सभा की। सभा को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने नई अफीम नीति वर्ष 2014 15 का स्वागत किया तथा मांग की है कि वर्ष 98 से लेकर वर्ष 2014 तक कटे हुए पट्टे भी वापस बहाल किए जाएं।
किसान नेता रामनारायण जाट धनराज कुमावत ने मांग करते हुए कहा कि इस वर्ष जिस प्रकार केन्द्र सरकार ने अफीम नीति गाढ़ता में छूट दी है, इसी प्रकार प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर औसत उपज 56 किलो प्रति हैक्टेयर से घटा कर शून्य औसत पर पट्टे जारी किए जाएं। इससे प्रतापगढ़ जिले के हजारों काश्तकार के अफीम पट्टे कटने से बच सकेंगे।