\"हमें भी मिले बढ़ा हुआ वेतन\'
भास्कर न्यूज . प्रतापगढ़ | एनआरएचएमके सभी कर्मचारियों ने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सभी एनआरएचएमकर्मियों ने कलेक्टर रतन लाहोटी को ज्ञापन देकर राज्य के अन्य जिलों की भांति 10 प्रतिशत बढ़ा हुआ मानदेय दिलाए जाने की मांग की।
एनआरएचएम कर्मचारी महासंघ के जिला संयोजक परमेश्वर सिंह बिलेसरी ने बताया कि वर्तमान में जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न कैडर के 215 संविदा कार्मिक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर कार्यरत है। एनआरएचएम कर्मियों को वर्तमान में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा राज्य स्तर से प्राप्त प्रशासनिक वित्तीय स्वीकृति अनुरूप ही मानदेय दिया जा रहा है। राज्य स्तर से जारी स्वीकृति की अनुपालना में फार्मासिस्ट पीएचसी आशा सुपरवाइजर को पूर्व निर्धारित मानदेय से भी कम दर पर मानदेय दिया जा रहा है। जबकि राज्य के कई जिलों में निदेशालय द्वारा जिला स्वास्थ्य समितियों के स्तर पर ही मानदेय में अभिवृद्धि स्वीकृत की गई है।
इस संबंध में सभी कार्मिक गुरुवार को सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे तथा धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर जिला संयोजक परमेश्वर सिंह ने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में संविदाकर्मियों को 30 प्रतिशत मानदेय अभिवृद्धि के साथ दिया जा रहा है। धरना स्थल पर प्रदर्शन के बाद सभी कार्मिक कलेक्ट्री पहुंचे तथा कलेक्टर रतन लाहोटी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा कि सात दिन में वेतन अभिवृद्धि बकाया एरियर भुगतान नहीं किया गया तो सभी एनआरएचएमकर्मी पेन डाउन हड़ताल करेंगे।
प्रतापगढ़ . सीएमएचओको ज्ञापन देते एनआरएचएम कर्मी।