दो किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
बाइक हमेशा रिजर्व में ही चलाता था
सुहागपुराथाना पुलिस ने बाइक सवार तस्कर को 2 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। तस्कर ने पेट्रोल टेंक के अंदर ही गुप्त जगह बनवा रखी थी, जिसमें वह तस्करी करता था। एसपी कालूराम रावत के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुहागपुरा थानाधिकारी दीपक कुमार को जरिए मुखबीर एक युवक द्वारा अफीम तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान सुहागपुरा की तरफ से एक व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। लेकिन नाकाबंदी देख युवक ने बाइक को वापस मोड़ लिया तथा भागने लगा। संदेहवश पुलिस ने पीछा कर उसे धरदबोचा। पुलिस ने युवक की तलाशी ली। इसके बाद बाइक की तलाशी ली। पुलिस उस समय स्तब्ध रह गई, जब बाइक के पेट्रोल टैंक की तलाशी ली गई। टैंक के अंदर दो किलो अफीम जब्त हुई। युवक ने अपना नाम बाजनी रठांजना निवासी महेश पुत्र बसंतीलाल शर्मा बताया।
बाइक में अफीम मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को बाइक अफीम सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महेश ने पेट्रोल टेंक के अंदर ही गुप्त जगह बना रखी थी। एक तरफ पेट्रोल जबकि दूसरी तरफ वाली जगह वह अफीम तस्करी के लिए रखता था। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह अपनी बाइक हमेशा रिजर्व में ही चलाता था।
2016में अब तक की गई कार्रवाई
प्रतापगढ़एसपी कालूराम रावत के निर्देशन में अरनोद पुलिस ने 3 जनवरी को 3 किलो 700 ग्राम अफीम, हथुनिया पुलिस ने 11 जनवरी को 450 ग्राम अफीम, सुहागपुरा पुलिस ने 16 जनवरी को 500 ग्राम अफीम, रठांजना पुलिस ने 17 जनवरी को 17 किलोग्राम अफीम, प्रतापगढ़ पुलिस ने 30 जनवरी को 60 ग्राम ब्राउनशुगर तथा सुहागपुरा थाना पुलिस ने 8 फरवरी को 2 किलोग्राम अफीम जब्त करने की कार्रवाई की।