दशहरा महोत्सव पर होगी आतिशबाजी
नगरपालिका 3 अक्टूबर को होने वाले दशहरा उत्सव में आतिशबाजी कराएगी। तीर्थ नगरी में दशहरा उत्सव का आयोजन दो स्थानों पर किया जाएगा। इस अवसर पर पालिका आतिशबाजी सहित अन्य व्यवस्थाओं पर 1 लाख 30 हजार रुपए खर्च करेगी। पालिका बोर्ड ने दशहरा महोत्सव के दौरान व्यय होने वाली 1.30 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
पुष्कर में दशहरा महोत्सव (रावण दहन) का मुख्य आयोजन श्री पुष्कर पाराशर रामायण मंडल की ओर से मेला स्टेडियम में किया जाएगा। इसके अलावा श्री ब्रह्म पुष्कर सेवा संघ के तत्वावधान में बांगड़ स्कूल के पास रावण दहन होगा। इन दोनों स्थानों पर नगर पालिका की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी। पालिकाध्यक्ष मंजू कुर्डिया ने बताया कि दशहरा महोत्सव के दौरान दोनों स्थानों पर होने वाली आतिशबाजी पर करीब 20-20 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा बैरिकेडिंग पर 10 हजार रुपए तथा लाइटिंग टेंट व्यवस्था पर 80 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे।