लश्कर को पता था कि पाक नहीं करेगा कार्रवाई : हेडली
कुपवाड़ा में मुठभेड़ में पांच आतंकी मार गिराए, दो जवान भी शहीद
लश्कर-ए-तैयबाऔर अल-कायदा इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि 26/11 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के खिलाफ पाकिस्तान दिखावे की कार्रवाई करेगा। इसी वजह से उन्होंने मुंबई के बाद गोवा, पुष्कर और पुणे में हमले की तैयारी कर ली थी। यह खुलासे 26/11 की साजिश में शामिल रहे डेविड कोलमैन हेडली ने किए।
अमेरिका की जेल से हेडली ने वीडियो लिंक से मुंबई के विशेष जज जीए सनप की मकोका कोर्ट में पांचवें और अंतिम दिन बयान दर्ज कराए। हेडली को अमेरिका में इसी केस में 35 साल की सजा हुई है। विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के सवालों के जवाब में हेडली ने कहा कि हमले के बाद उसे सईद और लखवी की सुरक्षा की चिंता थी। इसी वजह से वह लश्कर के साजिद मीर के साथ ही अलकायदा के अब्दुल रहमान पाशा के संपर्क में था।
ई-मेल में वह सईद को ओल्ड अंकल और लखवी को यंग अंकल कहता था। साजिद मीर को भेजे एक ई-मेल में उसने लिखा था- “चाचा भी एच1 वायरस की चपेट में गए? अस्पताल में डाक्टर उनका चेकअप करना चाहते हैं।” इसका मतलब था कि सईद भी जांच के दायरे में है और पाक जांच एजेंसी उससे भी पूछताछ कर रही है। लेकिन मीर ने आश्वासन दिया था कि घबराने की जरूरत नहीं है। किसी को कुछ नहीं होगा। पाकिस्तान की कार्रवाई फौरी ही रहेगी। हेडली ने बताया कि मुंबई हमले के बाद उसने मार्च 2009 में अलकायदा के इलियास कश्मीरी के कहने पर गोवा, पुष्कर और पुणे की रेकी की थी। वह आईएसआई के मेजर इकबाल के कहने पर 2009 में पुणे में भारतीय सेना के दक्षिणी कमान के मुख्यालय भी गया था। मेजर इकबाल चाहता था कि कुछ मिलिट्री वालों को भर्ती कर गोपनीय जानकारी निकलवाई जाए।
हेडली ने कहा कि साजिद मीर और मेजर इकबाल चाहते थे कि वह राजाराम रेगे (उद्धव ठाकरे के पूर्व पीआरओ) से संबंध बनाए। उसका इस्तेमाल करना है या नहीं, इसका फैसला बाद में हो जाता। 19 मई 2008 को रेगे ने उसे कोई इन्वेस्टमेंट प्लान भेजा था। उसे उसने मीर, इकबाल और पाशा को फारवर्ड किया था। मेजर इकबाल हमला नहीं सिर्फ मिलिट्री सूचनाएं चाहता था। हेडली ने रेगे से शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे और उद्धव को अमेरिका लाने को भी कहा था, ताकि वहां उनसे करीबी बनाई जा सके। मेजर इकबाल जानना चाहता था कि क्या रेगे भारतीय सेना या पैरामिलिट्री फोर्स के बारे में कोई जानकारी दे सकता है? इकबाल ने रेगे को अमेरिका में सेमिनार और कॉन्फ्रेंस में बुलाने को भी कहा था।