पालिका स्टाफ ने सड़कों पर लगाई झाड़ू
पुष्कर|मुख्यमंत्री वसुंधराराजे के स्वच्छ राजस्थान अभियान के तहत बुधवार को नगर पालिका ईओ शशिकांत शर्मा के निर्देशन में सभी पालिका कर्मियों ने सड़कों पर झाड़ू लगाकर नगरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। पुष्कर में चलाए जा रहे सफाई अभियान के दौरान बुधवार सुबह नगर पालिका के ईओ शर्मा, सफाई निरीक्षक फतेह सिंह गौड़, जेईएन रामनिवास मीणा, पारस जैन, वरिष्ठ लिपिक मनोज चौहान, आनंद गुजराती, मोहन पाराशर समेत सभी पालिका कर्मचारियों ने अंबेडकर सर्किल से मेला स्टेडियम तक के मुख्य मार्ग पर झाड़ू लगाकर सफाई की। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अजय रावत के नेतृत्व में गायत्री प्रज्ञा बाल निकेतन के छात्र-छात्राओं ने मेला मैदान में श्रमदान कर सफाई की। ईओ ने बताया कि पुष्कर में वार्डवार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को वार्ड संख्या 5 6 में सफाई कराई गई। पॉलीथिन कैरी बैग के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।