दो नाबालिगों की पिटाई कर बांधे हाथ-पैर
कस्बेके मारवाड़ बस स्टैंड पर शनिवार शाम को दो नाबालिग बालकों को लोगों ने दुकानों से सामान चुराते रंगे हाथों पकड़ लिया तथा उनकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में नाबालिगों के हाथ-पैर बांध कर उन्हें बैठा दिया गया। करीब दो घंटे बाद इन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार शाम पास के गांव गोवलिया के रहने वाले दो बालक मारवाड़ बस स्टैंड स्थित एक चाय के ढाबे से बिस्किट टॉफियों के पैकेट चुरा रहे थे। इसी दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें रंगेहाथों पकड़ लिया तथा उनके बैग की तलाशी ली। उनके पास दूसरी दुकानों से चुराया गया सामान मिला। इस पर लोगों ने उनकी जोरदार पिटाई की तथा कपड़े से उनके हाथ-पैर बांध दिए। लोगों ने उनका नाम-पता पूछा लेकिन नाबालिगों ने अपने सही नाम-पते नहीं बताए। काफी मशक्कत के बाद एक बालक ने अपने पिता का सही नाम बताया। इस पर लोगों ने मोबाइल पर उसे पिता परिजनों से संपर्क कर वारदात की जानकारी दी। इत्तला मिलते ही बालक का पिता अपने परिचितों के साथ मौके पर पहुंच गया।
लोगों ने आपराधिक गतिविधियों संबंधी जानकारी देते हुए दोनों बालकों को उनके सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने भी भी बालकों की पिटाई कर दी।
लोगों ने बताया कि दोनों बालक पिछले कई दिनों से पुष्कर में चोरियां कर रहे हैं। बालकों ने एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें कबूल की हैं। बताया गया कि गांव का ही एक युवक उनसे चोरियां करवा रहा है। उधर इस संबंध में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने से इनकार करते हुए घटना के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की है।
दुकानों से सामान चुराते रंगे हाथों पकड़े थे दोनों बालक