अजमेर। एसडीएम एवं पुष्कर मेला मजिस्ट्रेट राष्ट्रदीप यादव ने मंगलवार को पुष्कर मेले से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों उनके प्रतिनिधियों की बैठक ली तथा मेले की व्यवस्थाएं तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मेला मजिस्ट्रेट यादव ने एडीए, पशुपालन, डिस्कॉम, जलदाय, नगर पालिका, पुलिस, पीडब्ल्यूडी समेत सभी विभागों के अधिकारियों से मेले के संबंध में अब तक की गई तैयारियों की बारी-बारी से प्रगति रिपोर्ट ली तथा समीक्षा की।
बैठक के बाद यादव एडीए सचिव प्रियंका जोधावत ने मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मेला स्टेडियम के पीछे रेतीले धोरों पर हो रहे अवैध खनन पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी प्रकट की।
तहसीलदार गजराज सिंह सोलंकी, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक फतह सिंह गौड़ को सख्ती से पाबंदी लगाने तथा खनन की वजह से बेतरतीब हुए धोरों का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एडीए की ओर से निर्माणाधीन खरेखड़ी-गनाहेड़ा बाइपास का अवलोकन किया तथा निर्माण में रही अड़चनों को दूर करने पर विचार किया। एडीए सचिव जोधावत ने बताया कि मेले से पूर्व सड़कों की मरम्मत समेत उनके अधीनस्थ सभी कार्य पूरे किए जाएंगे।