छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गायत्रीशक्तिपीठ कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इस मौके पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांध दिया। अतिथियों ने प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। प्राचार्य डॉ. सुरेश वैष्णव ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल आरएस राठौड़ विशिष्ट अतिथि भाकरोटा रॉटरी क्लब के अध्यक्ष रवि मेहता वीर शंकर शर्मा ने गायत्री मंत्र के बीच दीप प्रज्वलित कर किया। छात्रा अर्चना शर्मा ने बंदे हैं हम उसके..., एकल गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गति प्रदान की। संगीता नागौरा मिनाक्षी कंवर ने सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर तालियां बटोरी। निरमा गिरी समूह ने कन्या भ्रूण हत्या पर मार्मिक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। छात्र संघ अध्यक्ष राजावत पूनम कंवर ने आंसू के संग बहूंगी सखी... गीत की प्रस्तुति दी तथा ज्योति कुर्डिया समूह ने सामूहिक नृत्य पेश किया। अतिथियों ने सांस्कृतिक, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तीन सालों से विशेष सहयोग देने वाली छात्राओं को विशिष्ट पुरस्कार से नवाजा गया, जिसमें पंडित श्रीराम शर्मा पुरस्कार पूजा सैन, भगवती देवी शर्मा पुरस्कार ममता कोली, सर्वश्रेष्ठ छात्रा पुरस्कार राजावत पूनम कंवर, मीनू कंवर संजू को चल-वैजयंती, चंचल चौहान आशा रावत को एनएसएस की सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेविका का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि राठौड़ ने उद्बोधन में छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। इसी के साथ ही उन्होंने कार्यक्रम की सराहना की। अंत में शिक्षा समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह कड़ैल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन सजल वैष्णव ने किया।
पुष्कर. प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित करते अतिथि।