पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ज्वेलर की दुकान में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार

ज्वेलर की दुकान में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वारदात में इस्तेमाल बोलेरो भी बरामद

भास्कर न्यूज | रायपुर मारवाड़

थानाक्षेत्र के बर कस्बे में पिछले दिनों ज्वेलर की दुकान से सोने-चांदी के जेवरात, एटीएम कार्ड और टीवी सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो जब्त की गई है। एएसआई जालम सिंह ने बताया कि गत 12 सितम्बर को बर निवासी कालीचरण सोनी की दुकान से चोर जेवरात सहित अन्य सामान चुरा ले गए थे। इसके तीन दिन बाद ही ज्वेलर से चाकू की नोक पर लूट का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए मुखबिरों की सहायता ली। इस पर ब्यावर निवासी मनोज सिंह पुत्र देवीसिंह रावत के संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मनोज पर नजर रखी और शक के आधार पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया। कुछ देर तो वह खामोश रहा, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और वारदात में शामिल झालावाड़ क्षेत्र के दोनों साथियों के नाम बता दिए। इधर, पुलिस को आरोपियों द्वारा विजयनगर के बस स्टैंड स्थित एटीएम से नगदी निकाले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने एटीएम के फुटेज खंगाले और आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी। तीन दिन और दो रात मशक्कत करने के बाद झालरापाटन निवासी अनवर गौरी पुत्र जाफर खान और रावतभाटा निवासी अशोक ओड पुत्र किशन सिंह ओड को पुलिस पकड़ सकी। शेष|पेज10

रेलवेस्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी बोलेरो

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने आकशवाणी कॉलोनी निवासी रामकिशोर रेगर से ढाई हजार रुपए रोजाना की दर पर एक बोलेरो जीप किराए पर ले रखी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अलग अलग रास्तों से होते हुए कोटा पहुंचे और रेलवे स्टेशन की पार्किंग में जीप खड़ी कर चले गए। यहां से मनोज अलग हो गया और अनवर अशोक एक साथ झालरापाटन पहुंच गए। पुलिस ने मनोज को ब्यावर से और अनवर अशोक को झालरापाटन के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। मामले के खुलासे में एएसआई जालम सिंह सहित सिपाही मुकेश कुमार, नंदराम और बलराम ने योगदान किया।