- Hindi News
- रेलड़ा गांव के पांच युवकों ने धार्मिक स्थल पर की तोड़फोड़
रेलड़ा गांव के पांच युवकों ने धार्मिक स्थल पर की तोड़फोड़
भास्कर न्यूज | रायपुर मारवाड़
रायपुरइलाके के रेलडा गांव के पांच युवकों ने मंगलवार सुबह ब्यावर में एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोडफ़ोड़ की, जिससे माहौल एकबारगी गरमा गया। मौके पर जमा हुए लोगों ने तीन युवकों की पिटाई कर बाद में उनको पुलिस को सौंप दिया। साथियों की पिटाई होते देखकर शेष दोनों युवक वहां से भागने में कामयाब हो गए। घटनाक्रम के दौरान उपद्रवियों की भीड़ ने रोडवेज बस में भी तोडफ़ोड़ की। माहौल बिगड़ता देखकर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। समझाइश के बाद ब्यावर में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ब्यावर के एक धार्मिक स्थल में पांच लोग घुस गए। उस समय वहां पर कुछ ही लोगों को देखते हुए आरोपियों ने धार्मिक स्थल में कुछ जगह तोड़फोड़ की। इस दौरान मौके पर काफी लोग भी पहुंच गए। लोगों की भीड़ को देखते हुए दो आरोपी तो वहां से भाग गए, जबकि तीन लोगों को भीड़ ने पकड़कर उनकी धुनाई कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को भीड़ के बीच से निकाला और कोतवाली थाने ले गई। देखते ही देखते थाने के बाहर एक समुदाय विशेष के लोग जमा हो गई। इन लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हुड़दंग शुरू कर दिया। कुछ उपद्रवियों ने सड़क से निकल रही रोडवेज बस के कांच तोड़ दिए। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। मामले में आरोपित दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। पुलिस पकड़ में आए तीनों युवक रेलडा निवासी गोपाल, प्रताप और शंकरसिंह बताए जा रहे हैं।