मोहरा कलां सरपंच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भास्कर न्यूज | रायपुर मारवाड़
रायपुरथाने में मोहरा कलां ग्राम पंचायत की नव निर्वाचित सरपंच के खिलाफ आठवीं की फर्जी अंक तालिका पेश कर सरपंच का चुनाव लड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। रिपोर्ट में आरोप है कि चुनाव लड़ने के लिए सरपंच ने 35 साल की उम्र में प्राइवेट स्कूल से अंक तालिका पेश की।
मोहरा कलां निवासी रीना कंवर की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि मोहरा कलां निवासी मोनूकंवर प|ी नारायणसिंह ने ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ा था। चुनाव लड़ने के लिए उनके द्वारा आवेदन पत्र के साथ आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होने की अंकतालिका निर्वाचन अधिकारी को पेश की गई। आवेदन पत्र के साथ लगाए गए दस्तावेज में भीलवाड़ा जिले के मंगरोप ग्राम निवासी बादरसिंह और मंगन कंवर की पुत्री मोनू कंवर ने चंडावल स्थित कृष्ण रामानंद उच्च प्राथमिक स्कूल में 2009 में सातवीं कक्षा में दाखिला लिया और सत्र 2010-2011 में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की। रिपोर्ट में आरोप है कि प्राइवेट स्कूल की ओर से जारी की गई अंकतालिका में मोनूकंवर की जन्म दिनांक 13 मई 1975 बताई गई है। इस लिहाज से सातवीं में दाखिले के समय उनकी उम्र 35 साल और आठवीं पास करते समय 36 साल होती है। पुलिस ने भी रीना कंवर की ओर से दी गई रिपोर्ट दर्ज कर मामले में अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।
35 साल की उम्र में प्राइवेट स्कूल से की आठवीं कक्षा पास, पराजित प्रत्याशी ने दर्ज कराया मुकदमा