चचेरे भाई की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | रायपुर मारवाड़
रायपुरथाना क्षेत्र के कालब कलां के निकट डोडेलाव बाडिया में सरकारी जमीन पर कब्जा करने की बात को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों डोडेलाव बाडिया में एक सरकारी जमीन को लेकर चचेरे भाइयों में विवाद चल रहा था। इस दौरान गोपालसिंह ने जमीन पर कुछ निर्माण करवाने का प्रयास किया तो उसी के चचेरे भाइयों रिश्तेदारों ने उससे मारपीट कर दी। मारपीट में गोपाल गंभीर घायल हो गया। परिजन घायलावस्था में उसे ब्यावर के राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां गत नौ सितम्बर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से गुस्साए परिजन उसका शव लेकर रायपुर थाने पहुंचे और रोष जताया। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को डोडेलाव बाडिया निवासी चेतनसिंह पुत्र टीलसिंह और अनोपसिंह पुत्र टीलसिंह को गिरफ्तार कर दोनों से पूछताछ प्रारंभ की है। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त किए गए हथियार और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पूछताछ जारी है। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।