- Hindi News
- हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने गए पुलिस दल पर हमला
हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने गए पुलिस दल पर हमला
रायसिंहनगर| वार्डसंख्या आठ में एक हिस्ट्रीशीटर को अदालत से प्राप्त वारंटों से गिरफ्तार करने गए पुलिस दल पर आरोपी के परिजनों ने पत्थरों कुत्तों को लगा कर हमला कर दिया। इससे दो पुलिस कर्मियों के चोटें आई है। वहीं आरोपी के भी परिवार की दो महिलाओं ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी नारायणदान ने बताया कि लीलूखां के विरुद्ध पुलिस थाने में विभिन्न मामले दर्ज है। इनमें छह मामलों में गिरफ्तारी के वारंट है। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में गुरुवार को शाम करीब आठ बजे पुलिस दल जब दो प्रकरणों में गिरफ्तारी वारंट को लेकर गिरफ्तारी के लिए गया तो वहां पर लीलूखां के परिजनों में उसकी मां अन्य लोगों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस दल पर हमला कर दिया। जिस पर पुलिस जाब्ता और मंगवाया गया। उस पर भी उसके परिजनों ने शिकारी कुत्तों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि लीलूखां को गिरफ्तार कर लिया है तथा पुलिस बल पर हमला करने वालों के विरुद्ध मामला दर्ज किया जाएगा। उधर इस मामले में आरोपी पक्ष की महिलाओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनसे मारपीट की। इससे हंगामा हो गया तथा रात्रि करीब साढे आठ बजे चिकित्सालय में इस मामले को लेकर भीड़ जमा हो गई।