- Hindi News
- कुंवारिया में जोहिड़ा पशु मेला 25 से, 900 प्लॉटों का होगा आवंटन
कुंवारिया में जोहिड़ा पशु मेला 25 से, 900 प्लॉटों का होगा आवंटन
मेले में प्लॉट आवंटन 20 से
कुंवारिया| कस्बेमें जोहिड़ा पशु मेला 25 सितंबर को शुरू होगा, यह पांच दिन तक चलेगा। राजसमंद पंचायत समिति के सहयोग से होने वाले मेले की तैयारी शुरू कर दी है। इसका उद्घाटन इस बार नए मंच से होगा। पंचायत समिति की ओर से दस लाख रुपए की लागत से स्थाई रूप से मंच प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया गया है।
मेले की शुरुआत नवरात्र स्थापना के साथ 25 सितम्बर को होगी। हर बार मेला प्रशासन खुले मंच पर टेंट लगवाकर मेले का उद्घाटन, समापन करवाता था। मेले में होने वाले रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खुले में टेंट के नीचे होते थे। लेकिन इस बार मेला प्रशासन ने मेले में दस लाख रुपए की लागत से स्थाई मंच तैयार किया है। इसके ऊपर स्थाई रूप से छाया की गई है। मंच की पीछे की तरफ हॉल का निर्माण भी कराया गया है। मंच के सामने आरसीसी का पक्का प्लेटफॉर्म भी बनाया गया है। मंच प्लेटफार्म बनने से ग्रामीणों को बैठने की सुविधा मिल पाएगी। पूर्व में यहां बड़ा चबूतरा बना हुआ था। पिछले कई साल से स्थाई मंच की मांग की जा रही थी।
ऊनी बाजार का नक्शा बदला
बाजारमनोरंजन मार्केट से मेला परिसर की मुख्य रोड तक लगेगा। यहां ढलान होने से बारिश में पानी भरने की समस्या नहीं रहेगी। पूर्व में यह बाजार मेला कार्यालय से मेन गेट की तरफ लगता था। पिछले साल मेले के तीसरे दिन तेज बारिश से ऊनी बाजार में दुकानों में पानी भर गया था। इससे ऊनी वस्त्र व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इस पर मेला प्रशासन ने नुकसान वाले व्यापारियों काे प्लॉट का किराया पुन: लौटा दिया था।
राजसमंद पंचायत समिति की ओर से कुंवारिया पशु मेले की तैयारियां कर दी है। मेला परिसर में प्लॉटों की मार्किंग, विद्युत सजावट, रंगरोगन के कार्य किए जा रहे हैं। मेला परिसर में विभिन्न प्रकार के स्टाल के लिए करीब 900 भूखंड बनाए हैं। व्यापारियों को 20 सितम्बर से प्लॉटों का आवंटन शुरू किया जाएगा। पिछले साल की रसीद लेकर आने वाले व्यापारियों को पहले वाली जगह ही आवंटित की जाएगी। इसके बाद दूसरे व्यापारियों को आवंटित किए जाएंगे।
मेले में नये मंच पर रंगरोगन का कार्य किया जा रहा है।