खमनोर में 9 स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस
राजसमंद|खमनोर सीएचसीसभागार में क्षेत्र के सभी चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें सभी कार्यक्रमों की गांव स्तर तक समीक्षा की गई। इसमें 9 स्वास्थ्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। बैठक में समुदाय आधारित सेवाएं परिवार कल्याण, संस्थागत प्रसव, आशा कार्यक्रम, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, सम्पूर्ण टीकाकरण, प्रसव पूर्व प्रसव जांचें, नवजात शिशु की घर पर जांच, नि:शुल्क दवा जांच योजनाओं, सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. इकरामुद्दीन चुड़ीगर ने बैठक में राष्ट्रीय कार्यक्रमों में उदासीनता बरतने एवं न्यून उपलब्धि पर नोटिस दिए। निचली ओडन में कार्यरत सरोज सालवी, कोठारिया में कार्यरत चन्द्रकला शर्मा, दड़वल में कार्यरत जस्सू रावल, छोटा भाणुजा में कार्यरत प्रमिला चौधरी, गांवगुड़ा में कार्यरत सरोज कुमारी, भैंसाकमेड़ में कार्यरत निर्मला कुमारी, गोड़च में कार्यरत धर्मिष्ठा सोलंकी, पीपलवास में कार्यरत सीता देवी, नमाणा में कार्यरत रमीना जाट को कारण बताओं नोटिस जारी किए गए। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चुड़ीगर ने सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्मिकों से आशा सहयोगिनियों, ग्रामीणों के सहयोग से समुदाय आधारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश मीणा ने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों कर्मचारियों को परिवार कल्याण सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को बताने के लिए निर्देशित किया। बैठक में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी बुनकर खंड के समस्त चिकित्सा अधिकारी एएनएम, जीएनएम उपस्थित थे।