- Hindi News
- चार मकानों में चोरी, पांचवें में जाग होने पर भागे बदमाश
चार मकानों में चोरी, पांचवें में जाग होने पर भागे बदमाश
सब्बल से तोड़े अलमारी कमरों के ताले
शहरकी हाउसिंग बोर्ड सोसायटी में बुधवार रात को बदमाशों ने चार मकानों के ताले तोड़ दिए। एक मकान में घुसने का प्रयास किया, लेकिन जाग होने से वे भाग गए। चारों ही मकानों से वे नकदी सहित गहने ले गए। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामले दर्ज किए हैं। एक मकान मालिक ने रिपोर्ट नहीं दी है।
बदमाशों ने हाउसिंग बोर्ड सोसायटी के गोविंद नगर निवासी दिनेश चंद्र जोशी के मकान में रोशनदान के रास्ते प्रवेश किया। यहां पर उन्होंने कमरे को खोलकर अलमारी के सारे सामान बिखेर दिए। अलमारी से आठ हजार रुपए कर घर के पिछवाड़े के रास्ते से भाग गए। इसी तरह से मांगीलाल पुत्र लच्छीराम भील के सूने मकान से पांच हजार रुपए चोरी कर लिए। गोविंदनगर के मकान नंबर 2एफ-18 में एनसी जोसफ के सूने मकान का मेन गेट का ताला तोड़कर चोर मकान घुसे। यहां एक कमरे का ताला तोड़कर चांदी के दस सिक्के चोरी कर लिए। बताया गया कि जोसफ का परिवार मध्यप्रदेश के ग्वालियर में रहता है। इनकी तरफ से पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है। इसी तरह से बदमाश तिलकेश पुत्र गणेश प्रसाद शर्मा के घर की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घुसे। यहां अलमारी का ताला तोड़कर सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस संबंध में आरके पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया।चोरों ने गोविंदनगर निवासी सोहनसिंह सारंगदेवोत के घर में भी घुसने का प्रयास किया। यहां उन्होंने मेन गेट पर लगी जाली को काटकर अंदर से कुंडी खोलने का प्रयास किया, लेकिन जाग होने से चोर भाग गए। आरके चौकी प्रभारी देवीसिंह ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी कर रही है।
हाउसिंग बोर्ड की गोविंद नगर सोसायटी के पार्क के चारों तरफ मकान बने हुए हैं। बदमाशों ने आसपास बने चार मकानों में चोरियां की। पुलिस का यह मानना है कि चोर ज्यादा संख्या में थे। उन्होंने एक ही समय में एक या दो से अधिक चोरियां की है। एक मकान में चोरी में प्रयुक्त सब्बल (लोहे का सरिया) भी छोड़कर गए हैं। पुलिस ने इसे बरामद किया है।
राजसमंद। शहरकी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक मकान में चोरों द्वारा बिखेरा सामान।