पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • टूटी सड़क पर उप प्रमुख ने रुकवा दी टोल वसूली

टूटी सड़क पर उप प्रमुख ने रुकवा दी टोल वसूली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजसमंद/कुंभलगढ़| चारभुजासे देसूरी को जोड़ने वाली टूटी सड़क पर वाहन चालकों से टोल की वसूली करने के विरोध में रविवार दोपहर जिला उप प्रमुख ने करीब आधे घंटे तक टोल की वसूली रुकवा दी। उप प्रमुख खुद टोल नाके पर खड़े हो गए और वाहनों को बिना टोल चुकाए निकालते रहे। टोल नाके के कर्मचारी उप प्रमुख के बीच काफी देर तक बहस होती रही। बाद में पुलिस ने आकर मामला शांत कराया।

देसूरी हादसे को लेकर कलेक्टर के साथ पंजाब मोड़ का निरीक्षण कर दोपहर बारह बजे लौटे उपप्रमुख मदन गुर्जर, कांग्रेस कार्यकर्ता लक्ष्मण गुर्जर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य शिवराजसिंह टूटी सड़क को लेकर आक्रोशित हो गए। उन्होंने चारभुजा-देसूरी की सड़क टूटी होने के बावजूद टोल टैक्स वसूलने का विरोध करते हुए टोल वसूली करने वाले दोनों कर्मचारियों को भगा दिया। गुर्जर ने उन्हें यह भी चेताया कि जब तक सड़क नहीं बन जाती है टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। उपप्रमुख का कहना था कि सड़क टूट चुकी है। फिर किसका टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने सड़क सही होने के बाद ही टैक्स वसूले की बात कही।

इस दौरान उप प्रमुख काफी देर तक वाहनों को बिना रसीद काटे ही निकालते रहे। इसकी सूचना पर थोड़ी ही देर में टोल नाके के ठेकेदार का भाई गजेंद्रसिंह पहुंचा। उन्होंने टोल नाका बंद करने का विरोध किया। ठेकेदार का कहना था कि वह सरकारी काम कर रहा है। उसने विरोध करने वालों को कलेक्टर से ऑर्डर लेकर आने फिर टोल नाका बंद करवाने की बात कह दी। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तब बहस चलती रही। सूचना पर चारभुजा थानाधिकारी घनश्यामसिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपप्रमुख को समझाया। थानाधिकारी ने टोल नाका बंद करना गलत बताया तो उपप्रमुख मान गए। करीब आधा घंटे बाद वाहनों से टैक्स वसूलना शुरू हो पाया। इधर, उपप्रमुख का कहना है कि चार दिन में टोल नाका बंद नहीं करवाया तो ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया जाएगा।

कुंभलगढ़. टोलनाके पर विरोध के दौरान टैक्सी वाले को टोल कर्मचारी द्वारा लिए गए पैसे दिलाते उप जिला प्रमुख।