पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • किरण की पसंद से सफलता बनीं उप प्रमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष भी थे दावेदार

किरण की पसंद से सफलता बनीं उप प्रमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष भी थे दावेदार

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलापरिषद के वार्ड 17 से जीती खटामला पंचायत के वासनी गांव की भाजपा समर्थित सफलता गुर्जर निर्विरोध जिला उप प्रमुख चुन ली गई। उन्हें उप प्रमुख बनाने के लिए पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी ने एक दिन पहले ही हरी झंडी दे दी थी। माहेश्वरी उप प्रमुख की सीट पर किसी महिला काे बैठाना चाहती थी, ऐसे में उनका नाम फाइनल कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले प्रवेश कुमार सालवी को जिला प्रमुख बनाने में सांसद सहित तीनों विधायकों का मान रखा गया था, ऐसे में माहेश्वरी द्वारा सुझाए गए सफलता के नाम पर सांसद सहित विधायकों ने भी हामी भर दी।

सुबह जिला उप प्रमुख के लिए सफलता ने नामांकन भरा। यहां भाजपा जिला परिषद की सभी 25 सीटें जीतकर आई है, ऐसे में गुर्जर को निर्विरोध निर्वाचित कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि है कि उप प्रमुख के लिए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदलाल सिंघवी, हंस कुंवर के नाम पर भी चर्चा चल रही थी। लेकिन अगले नगर परिषद चुनाव में गुर्जर बाहुल्य परिषद के मतदाताओं को लुभाने के लिए पीएचईडी मंत्री माहेश्वरी की ओर से सफलता का नाम तय किया गया। इधर, जिला प्रमुख बनाने में सांसद और तीन विधायकों की पसंद काे मान दिया गया था। ऐसे में उप प्रमुख के लिए माहेश्वरी द्वारा सुझाए गए सफलता के नाम पर सांसद सहित तीनों विधायकों ने हरी झंडी दे दी। जानकार बताते हैं कि एक दिन ही पहले यह तय कर लिया गया था कि उप प्रमुख की सीट पर महिला को ही मौका दिया जाएगा।

रविवार सुबह पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, नव निर्वाचित जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी सफलता को लेकर नामांकन के लिए जिला परिषद सभागार पहुंचे। सफलता ने सुबह साढ़े दस बजे नामांकन दाखिल किया। एक के अलावा किसी और का नामांकन नहीं होने से निर्विरोध निर्वाचन कर लिया गया। इधर, जिले की सातों पंचायत समितियों में उप प्रधान भाजपा के बने। रेलमगरा में कांग्रेस से भी नामांकन भरा गया, जबकि यहां पार्टी की सीटें कम ही है।

विजय जुलूस निकाला

शपथदिलाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। यहां से जिला प्रमुख प्रवेश कुमार और उप प्रमुख सफलता गुर्जर को खुली जीप में सवार कर विजयी जुलूस निकाला गया। 100 फीट रोड से विजय जुलूस निकाला गया।

पहले चारभुजानाथ के दर्शन किए, फिर दो घंटे बाद आकर ली शपथ

सफलताके निर्विरोध निर्वाचन के बाद दोपहर 1 बजे बाद जिला परिषद सभागार में शपथ लेने पहुंचना था। लेकिन पीएचईडी मंत्री माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष शर्मा, जिला प्रमुख प्रवेश कुमार और सफलता गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चारभुजानाथ के दर्शन करने पहुंच गए। इसके चलते दो घंटे देरी से दोपहर सवा तीन बजे गुर्जर भाजपा पदाधिकारियों के साथ शपथ लेने पहुंची। जहां जिला निर्वाचन अधिकारी कैलाशचंद वर्मा ने शपथ दिलाई।

राजसमंद . जिलाप्रमुख, उपजिला प्रमुख, उप प्रधान का एक साथ विजय जुलूस निकाला गय।

खमनोर . पौनेपांच बजे वोट देकर लौटती कांग्रेस की तीनों प्रत्याशी।