उखड़ी सड़क में धंसी स्कूल बस, मंत्री किरण ने अधिकारियों को फटकारा
शहरके रेलवे स्टेशन रोड पर स्वास्तिक सिनेमा के पास सीवरेज लाइन के लिए खोदी सड़क में शुक्रवार सुबह स्कूल बस धंस गई। संयोग रहा कि बस पलटी नहीं। इसमें 25 बच्चे सवार थे। तुरंत बाद आसपास के लोग पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाल लिया। इससे हादसा टल गया। कुछ ही देर में यहीं सीमेंट से भरा ऑटो भी धंस गया। रुडिफ ने सीवरेज लाइन डालने के लिए दो माह से इस सड़क को खोद रखा है। काम धीमी गति से चलने के कारण क्षेत्रवासियों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। इस बीच पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी भी मौके पर पहुंची और रुडिफ के अधिकारियों को काम में लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई।
सुबह सवा आठ बजे आलोक स्कूल की बस कांकरोली से बच्चों को लेकर स्कूल की तरफ जा रही थी। इस दौरान स्टेशन रोड पर स्वास्तिक सिनेमा के पास सीवरेज के लिए खुदी सड़क में बस के पहिये धंस गए। धीरे-धीरे बस बांई ओर झुकने लगी। बच्चों ने शोर मचाया। इस पर आसपास रहने वाले लोग दौड़ पड़े। पार्षद दीपक शर्मा, जगदीश कुमावत सहित कई लोग पहुंचे और बस में सवार 25 बच्चों, स्कूल स्टॉफ को सुरक्षित निकाला।
गड्ढे में मिट्टी होने से बस के टायर उसमें धंसते गए। हालांकि बस पलटने से बच गई।
जल्दी सड़क ठीक करवाई जाएगी
^पीएचईडीकी पाइप लाइन फूटने से अंदर ही अंदर पानी फैल गया। कच्ची मिट्टी गीली होने से दब गई। इस कारण यह हादसा हुआ। अब जल्दी सड़क को ठीक कराया जाएगा। मौके पर ही पोकलैंड मशीनें लगाकर मिट्टी दबाने का कार्य शुरू कर दिया है। सीपीगुप्ता, रूडिप अधिकारी
बस के सड़क में धंसने के बाद कुछ देर बाद सीमेंट के कट्टों से भरा ऑटो भी टूटी सड़क में धंस गया। इन दोनों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई। लेकिन आपा-धापी में वो भी फंस गई। फिर तीन क्रेन और बुलाई गई। तब जाकर तीन घंटे की मशक्कत के बाद बस, टेम्पो को निकाला जा सका।
मंत्री बोलीं, सभी को सस्पेंड कर दूंगी
काममें कोताही बरतने की शिकायत हंगामे की सूचना पर मंत्री किरण माहेश्वरी मौके पर पहुंची। लोगों ने अपनी पीड़ा, रुडिफ की लापरवाही बताई। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद रूडिप के अधिकारी सीपी गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों को लताड़ लगाई। मंत्री किरण ने कह दिया कि सभी को सस्पेंड कर दूंगी। मेरे पास सभी रूडिप के अधिकारियों के नाम भिजवाओ। सभी के खिलाफ जयपुर में कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रूडिप अधिकारी भी एक बार तो घबरा गए।
दो माह से परेशानी झेल रहे थे, फूटा आक्रोश
सड़कपर सीवरेज लाइन डाले दो माह बीतने के बावजूद सड़क नहीं बनाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का कहना था विगत दो माह से इस सड़क का काम पूरा नहीं हो पाया है। इस मार्ग पर दिनभर धूल उड़ती है। मिट्टी उडऩे से लोग बीमार हो रहे हैं। व्यापार ठप हो गया है। स्कूली बसें ही नहीं हर वाहन को निकलने में परेशानी हो रही है। विरोध के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का आक्रोश बढ़ता गया। सूचना पर तहसीलदार हंसमुख कुमार, परिवहन अधिकारी अनिल चौधरी, कांकरोली पुलिस चौकी प्रभारी फतेहसिंह, रुडिफ के अधिकारी सीपी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राजसमंद. स्वास्तिकसिनेमा के पास गड्ढे में धंसी बस।