निर्धनों के लिए बनाएंगे पांच सौ मकान, लॉटरी से देंगे: माहेश्वरी
नगरपरिषद के भाजपा समर्थित नए बोर्ड का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को पुरानी कलेक्ट्री परिसर में हुआ। मुख्य अतिथि पीएचईडी मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि नगर के विकास पर खर्च होने वाला पैसा जनता का है। वह जनता के ही काम आना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धन, जरूरतमंद परिवारों के लिए शहर में 500 मकान बनाकर गरीबों को लॉटरी से आवंटन किया जाएगा। लेकिन इसका लाभ मकान से वंचित को ही मिलेगा। इसकी पूरी जांच के साथ एक शपथ पत्र भी लिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि जनता बड़ी उम्मीदों के साथ अपना पार्षद चुनती है और उनकी समस्याओं का निदान करना चुनाव में निर्वाचित पार्षदों का दायित्व है। ऐसे में सभी पार्षद अपने वार्ड के साथ सभी नागरिकों के लिए व्यावहारिक बनकर उनके हितों को साधे। सभी पार्षद एकजुट होकर परिषद के माध्यम से नगर के विकास मे भागीदार बनें। नगर सेवक बनकर शहरवासियों की समस्याओं के निदान करने को तत्पर रहते हुए उनके सुख-दु:ख में भी जमीनी कार्यकर्ता के रूप मे कार्य करें। यही उनका दायित्व है।
स्वच्छ भारत अभियान में मंत्री ने कहा कि शहर में नालियों के माध्यम से आने वाले गन्दे पानी का निस्तारण करने की पूरी योजना बनाकर उसे क्रियान्वित किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत राजसमंद शहर के सभी 35 वार्डों की स्वच्छता को लेकर कारगर कदम उठाए जाएंगे। इसमें कचरे के निदान के कार्य में जनभागीदारी को जोड़ा जाएगा। जिसमें हर मकान मालिक से एक रुपया रोज लेकर दूसरा पैसा परिषद से लगाकर किया जाएगा।
समारोह में पार्षदों का स्वागत किया गया। इस मौके पर सांसद हरिओम सिंह राठौड़, जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी, उप जिला प्रमुख सफलता गुर्जर, उदयपुर, भीलवाड़ा सहित अन्य नगर निकायों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद थे।
सभापति पालीवाल ने पदभार संभाला:
समारोह के बाद नगर परिषद के सभापति पद पर सुरेश पालीवाल ने पद भार संभाला। पूर्व सभापति आशा पालीवाल से चार्ज लिया।
माहेश्वरी ने कहा कि नगर परिषद आम जनता की हैं। इसमें जनता के सुझावों को लेना चाहिए। जिसके लिए परिषद में जल्दी ही एक सुझाव पेटिका लगाई जाएगी। जिसमें पार्षदों के अलावा आम नागरिक सकारत्मक एवं विकासात्मक सुझाव दे सकेंगे।
निकालाविजय जुलूस: स्वागतपद्भार समारोह के बाद सभापति सहित सभी भाजपा पार्षदों ने विजय जुलूस निकाला। जुलूस परिषद से प्रारंभ होकर कलालवाटी, हुसैनी चौक, दाणी चबुतरा, राजनगर के फव्वारा चौक होते हुए कांकरोली जल चक्की, पुराना बस स्टेड़, चौपाटी, जेके मोड़, मुखर्जी चौराहा होते हुए जावद गया। जावद में सभापति सुरेश पालीवाल के यहां रूका। जुलूस के दौरान एहतियात के तौर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
राजसमंद. शपथग्रहण करते नगर परिषद सभापति सुरेश पालीवाल। साथ में पीएचईडी मंत्री।