- Hindi News
- प्रभु श्री द्वारकाधीश मंदिर में सांझी मनोरथ, उमड़े श्रद्धालु
प्रभु श्री द्वारकाधीश मंदिर में सांझी मनोरथ, उमड़े श्रद्धालु
राजसमंद . श्रीपुष्टीमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास के द्वारकाधीश मंदिर कांकरोली में गुरुवार को आश्विन कृष्ण दशमी के अवसर पर महादान और सांझी मनोरथ के आयोजन हुए। मनोरथ के दर्शनों के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दर्शन से पूर्व प्रभु द्वारकाधीश को सुबह प्रभु के श्री मस्तक पर माणक का मुकुट, धनक की दोई काछनी, सूथन, पितांबर तथा हीरा माणक के आभरण के साथ श्वेत भांतवार ठाड़े वस्त्र और वनमाला धारण कराए गए। गोस्वामी पराग कुमार महाराज द्वारा आयोजित महादान के मनोरथ में ग्वाल के दर्शनों में रतनचौक में आकर्षक झांकी सजाई गई। इसमें श्री प्रभु को सिंहासन पर विराजित किया गया। उनके चारों ओर गोपियां अपने सिर पर दही, दूध, माखन के कलश धारण किए हुए थीं। गोस्वामी पराग कुमार महाराज गोस्वामी नैमिष कुमार बावा ने प्रभु की महाआरती की। इसी झांकी में शाम काे शयन के दर्शन की झांकी में सांझी सजाई गई।