पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जनहित में काम करें ग्रामसेवक

जनहित में काम करें ग्रामसेवक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर. कार्यकारणी को शपथ दिलाते खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री हेमसिंह भडाना।

अलवर | राजस्थानग्राम सेवक संघ की नवीन जिला कार्यकारिणी का रविवार को स्वरूप विलास होटल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री हेम सिंह भडाना ने कहा कि ग्राम सेवक राजनीतिक दबाव में नहीं आकर जनहित के काम करें।

उन्होंने ग्राम सेवकों से ईमानदारी के साथ पंचायती राज के काम करने को कहा। भडाना ने कहा कि ग्राम सेवक सरकार से अधिकार मांगने के पहले अपने कर्तव्यों का निर्वाह करें। सरकार उनकी वाजिब मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। 30 जनवरी तक ई- मित्र के माध्यम से सभी पंचायतों में राशन कार्ड की त्रुटियों को दूर कर बांटने का काम किया जाएगा। जिले के विकास के सांसद एवं विधायक निधि से होने वाले कामों की वित्तीय स्वीकृति जारी करवाकर जल्द काम शुरू कराएं जाएंगे। उन्होंने थानागाजी में ग्राम सेवकों के लिए विश्राम गृह बनवाया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने ग्राम सेवकों से सेवा की भावना से क्षेत्र में विकास कार्य को गति देने की बात कही। विधायक ने ग्राम सेवकों के विश्रांति गृह के लिए विधायक कोटे से 8 लाख रुपए देने की घोषणा की। राजगढ़- लक्ष्मणगढ़ विधायक गोलमा देवी ने ग्राम सेवकों को जाति भावना से उठ कर जनहित में मिल जुल कर काम करने के लिए कहा। राजगढ़, लक्ष्मणगढ़ एवं रैणी पंचायत समितियों में विश्राम गृह के लिए उन्होंने 5-5 लाख देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला प्रमुख सफिया खान ने ग्राम सेवकों की कर्तव्य निष्ठा की सराहना की। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर ग्राम सेवकों से आगामी सात दिन में कैश बुक, राशन कार्ड वितरण तथा शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता से करने के लिए कहा।

इससे पूर्व भडाना ने नव निर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह बबेली के साथ राजस्थान ग्राम सेवक संघ की जिला कार्यकारिणी को शपथ दिलवाई। कार्यक्रम को विशंभर दयाल, सोहन लाल दारा एवं तारा चन्द्र गुर्जर ने भी संबोधित किया। शपथ ग्रहण समारोह में ग्राम सेवक, पटवारी आिद मौजूद थे।