पाली| जिलेके राज्य कर्मचारी जिनकी आयु 50 या इससे अधिक
पाली| जिलेके राज्य कर्मचारी जिनकी आयु 50 या इससे अधिक है, उनको अब अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट को कर्मचारियों को अपनी एसीआर के साथ लगाकर प्रतिवेदन अधिकारी को देना होगा। इसके आधार पर कर्मचारी का प्रमोशन, वेतन वृद्धि आदि तय होंगे। राज्य सरकार के इस तरह के आदेश स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचे हैं। आदेशानुसार वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन वर्ष 2015-16 के लिए वे अधिकारी, जिनकी आयु 56 से 59 वर्ष की है, उनको अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराना है। इस स्वास्थ्य परीक्षण में 14 प्रकार की जांच कराना जरूरी है। अगले वर्ष 2016- 17 में वे अधिकारी जिनकी आयु 53 से 56 वर्ष होगी, उन्हें यह परीक्षण कराना है। इसके बाद प्रतिवेदन वर्ष 2017-18 में 50 से 53 आयु वर्ग के कर्मचारियों को यह जांच करानी जरूरी होगी। राज्य सरकार ने वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन के भाग प्रथम के कॉलम संख्या 5 के बिंदु संख्या 4 में संशोधन किया है। इस कारण एसीआर के साथ स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य कर दिया है।
राज्य कर्मचारियों को यह स्वास्थ्य परीक्षण तीन साल में एक बार करना होगा। कर्मचारियों को जांच के लिए नवंबर से जनवरी माह का समय दिया गया है।
50 पार सरकारी कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच जरूरी