जगह-जगह से छलनी सरदारशहर बाइपास
रतनगढ़. शहरका व्यस्त सड़क मार्ग सरदारशहर बाइपास जगह-जगह से छलनी है। हालांकि विभाग ने इस सड़क मार्ग की मरम्मत भी करवाई थी, लेकिन आधी-अधूरी हुई मरम्मत व्यर्थ साबित हो रही है। सड़क पर कहीं पेचवर्क किया गया और कहीं पर खड्डे वैसे के वैसे ही छोड़ दिए गए। सबसे ज्यादा परेशानी शिवबाड़ी के पास क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग पर वाहन चालकों को उठानी पड़ती है। ऐसे ही हालात शहर की लिंक रोड का है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 एवं मेगा हाईवे से शहर को जोड़ने वाला यह सड़क मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जबकि इस सड़क मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है तथा सैकड़ों लोग पैदल आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क मार्ग की मरम्मत करवाने के प्रति अभी तक प्रशासन गंभीर दिखाई नहीं दिया। इस सड़क मार्ग के साथ विडंबना यह भी है कि सड़क के किनारे बनी नालियों का निर्माण भी बेतरतीब ढंग से हुआ है, जिसकी वजह से आए दिन नालियों का पानी सड़क पर फैल जाता है और सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है। इस सड़क से जुड़ने वाली संपर्क सड़कों की हालत भी काफी खराब है।
सड़क के सौंदर्यकरण की भी आवश्यकता
शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य सड़क मार्गों के सौंदर्यकरण की आवश्यकता महसूस होने लगी है। शहर में बाहर से आने वाले लोगों के लिए उक्त सड़क मार्ग परेशानी का सबब बने हुए हैं। वहीं सड़क के किनारे स्थित लोगों के घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर वाहनों के पहियों से उड़ने वाली धूल की परत जम जाती है। सड़क के इर्द-गिर्द रहने वाले लोगों ने बताया कि अगर शीघ्र ही इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो उड़ने वाली गर्द के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी बूरा असर पड़ेगा।
रतनगढ़. क्षतिग्रस्त पड़ा सरदारशहर बाइपास।