- Hindi News
- \"शिक्षा के साथ जीवन विज्ञान का अध्ययन करें\'
\"शिक्षा के साथ जीवन विज्ञान का अध्ययन करें\'
रतनगढ़.साध्वीरतनश्री ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ जीवन विज्ञान का भी अध्ययन करें, ताकि उनका जीवन और निखर सके।
वे रविवार को गोलछा ज्ञान मंदिर में अणुव्रत समिति तिलोकचंद किशनलाल तातेड़ चेरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में बौद्धिक शारीरिक विकास तो बहुत हो रहा है, लेकिन मानसिक भावनात्मक विकास की कमी हो रही है। वर्तमान में ज्ञान के साथ-साथ चरित्र का भी सम्मान होना चाहिए। विधायक राजकुमार रिणवा ने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों का सम्मान प्रेरणादायी है। उन्होंने हिंदी दिवस पर कहा कि हिंदी राजस्थानी हमारी समृद्ध भाषा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जापान में हिंदी में भाषण देकर देश को गौरवांवित किया है। अणुव्रत समिति के संरक्षक वैद्य बालकृष्ण गोस्वामी ने कहा कि हिंदी भाषा 200 वर्ष तथा राजस्थानी भाषा 900 वर्ष पुरानी है, फिर भी हिंदी भाषा को राष्ट्र भाषा का तथा राजस्थानी को मायड़ भाषा का दर्जा नहीं मिला है। समारोह को साध्वी रामावती, हिमश्री, पूनमचंद तातेड़, पन्नालाल चौरड़िया, कमल सिंह बैद, महावीरप्रसाद सेवदा, संतोष आंचलिया कमलादेवी ने भी संबोधित किया। ऋषभ आंचलिया के मंगलाचरण से शुरू हुए कार्यक्रम में विधायक का भी अभिनंदन किया गया। इस मौके पर साध्वी मुक्तियशा, सोहनलाल बैद, विजयसिंह भुतेड़िया, सुभाषचंद्र बैद आदि उपस्थित थे। संचालन भगवानदास सोनी ने किया।
रतनगढ़. प्रतिभावानसम्मानित छात्र विधायक अतिथियों के साथ।