बीमा क्लेम को लेकर धरना शुरू
चूरू |राजस्थानकिसान महासभा तहसील कमेटी की ओर से बीमा क्लेम सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना शुरू किया गया।
जिला मंत्री रामकरण चौधरी ने बताया कि बीमा क्लेम सहित अन्य मांगों को लेकर पूर्व में ज्ञापन दिया गया था, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर सोमवार से राजस्थान किसान सभा ने धरना शुरू किया तथा मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया गया। उन्होंने बताया कि रबी फसल 2013-14 के क्लेम वितरण में गड़बड़ियां रही। गांव ढाढर, इंद्रपुरा, झारिया, खींवासर मौसम से संबंधित किसानों को 20 से 2500 रुपए प्रति हैक्टेयर का नुकसान हुआ। पीथीसर मौसम की देरी से स्थापना के कारण पीथीसर, बालरासर, रीबीया, खंडवा पंचायतों के किसानों को शून्य क्लेम दिया गया, जिनको जसरासर मौसम केंद्र के अनुसार क्लेम मिलना चाहिए। धरने को इंदुलाल सुंडा, मदनलाल, हरचंद कड़वासरा, दुलाराम खरींटा, गंगाराम भांभू, श्योचंद प्रजापत, राजवीर कुलड़िया, सत्यनारायण स्वामी, हरलाल खरींटा, श्योनारायण हुडा आदि ने विचार व्यक्त किए। धरने के बाद कलेक्टर को ज्ञापन देकर रबी फसल 2013-14 का बकाया क्लेम दिलवाने, बेसहारा पशुओं पर रोक लगाने, फसल बीमा का बढ़ा हुआ प्रीमियम तापमान वापस लेने, सहकारी ऋणों को ब्याज मुक्त करने, खाद, बीज, कीटनाशक, तारबंदी पर अनुदान, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने, सभी आपदाओं की फसल बीमा करने आदि मांगों का उल्लेख किया गया। इस दौरान महेंद्र कुमार सैनी, गिरधारी कड़वासरा, शीशपाल, बीरबल मेघवाल, पेमाराम, गोपीराम खींची आदि सहित अन्य किसान उपस्थित थे।
बीमा क्लेम सहित अन्य मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के आगे धरने पर बैठे किसान।