- Hindi News
- पढ़ाई के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार होने जरूरी: शोभा
पढ़ाई के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार होने जरूरी: शोभा
पढाईके साथ बालकों को नैतिक शिक्षा देकर संस्कारवान करना जरूरी है। संस्कारित बालक-बालिकाएं समाज देश की संस्कृति को मजबूत करेंगी। ये बात दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की साध्वी शोभा भारती ने सोमवार को आदर्श विद्या मंदिर उच्च प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पाश्चात्य सभ्यता आज हमारे देश पर हावी हो रही है। इसे रोकना होगा। विदेशी सभ्यता से हमारा देश समाज अपनी मूल संस्कृति से अलग होता जा रहा है। शिक्षा में नैतिक संस्कार का होना जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज की नींव मजबूत होगी तो देश भी ताकतवर होगा। स्वामी विवेकानंद के जीवन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्वामीजी राष्ट्र निर्माण में चरित्रवान लोगों को आगे लाने में लगे रहे। उनका सपना था कि जब तक स्कूलों में पढाई के साथ नैतिक शिक्षा लागू नहीं होगी विद्यार्थी संस्कारवान नहीं होंगे। हमारी संस्कृति को बचाने के लिए विद्यार्थियों को संस्कारित होना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अरविंद ने विद्यालय में नैतिक शिक्षा की जानकारी देते हुए बताया कि यहां शिक्षा के साथ योग भारतीय संस्कृति की जानकारी नियमित दी जाती है।
रावलामंडी. आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में प्रवचन करती साध्वी शोभा भारती बैठे विद्यार्थी।