- Hindi News
- पालकों के डेरे हटाए भेड़ों को भेजा जंगल में
पालकों के डेरे हटाए भेड़ों को भेजा जंगल में
रावतभाटा। बरखेड़ापंचायत के रोडीबांड़ी और रेनखेड़ा पंचायत के धुआंधोप, एकलिंगपुरा पंचायत के खातीखेड़ा बाडिया के आसपास भेड़पालकों के डेरों को प्रशासन ने पुलिस की मदद से शनिवार को हटा दिया। उल्लेखनीय है कि भेड़पालकों ने पिछले दो दिनों से भेड़ों को ग्रामीणों के बने पेडोक में चराया। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष था और इसको लेकर एसडीएम कृष्णपाल सिंह चौहान, डीएसपी को ग्रामीणों ने ज्ञापन भी दिया था। इससे पूर्व ही ग्रामीणों और भेड़ पालकों में मारपीट भी हुई। जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को एसडीएम खुद पुलिस जाप्ता लेकर मौके पर पहुंचे और भेड़ पालकों को गांव से दूर जाने की हिदायत दी। शनिवार को रावतभाटा सीआई कमलप्रसादमीणा, क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेंद्र गुप्ता, पशुपालन विभाग के नंदपाल मौके पर पहुंचे और गांव के पास रह रहे 3 डेरों की लगभग 4 हजार भेड़ों को 5 किलोमीटर दूर जंगल की ओर पहुंचाया। एसडीएम कृष्णपाल सिंह चौहान ने बताया कि भेड़पालकों के अध्यक्ष से भी वार्ता की गई और उन्हें बताया गया कि भेड़पालक कानून हाथ में नहीं लें, इसके लिए उन्हें समझाए। ग्रामीणों से झगड़ा नहीं करें। वहीं ग्रामीणों को भी समझाया गया कि वह भेड़ पालकों से झगड़ा नहीं करें और कानून हाथ में नहीं लें। कोई बात होने पर प्रशासन की जानकारी में लाए। भेड़ पालकों की ओर से शांतिभंग करने पर पुलिस ने 3 भेड़ पालकों को गिरफ्तार किया। जिन्हें शनिवार को एसडीएम के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें पाबंद कर जमानत पर रिहा किया गया।