कोटा। नगर पालिका आम चुनाव 2014 की निर्वाचक नामावलियों में नाम जुड़वाने, कटवाने, अशुद्धि सही कराने के लिए रविवार को लगे विशेष कैंप से नदारत रहने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में दोषियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कृष्णपाल सिंह चौहान ने बताया कि नगर पालिका आम चुनाव 2014 के लिए मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। जिसमें अशुद्धियों को सही करने के लिए विशेष कैंप लगाए गए हैं।
बताया कि रविवार को विशेष कैंप में भौतिक सत्यापन के दौरान दो बीएलओ निरीक्षण में मतदान केंद्र पर नहीं मिले। जिनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के लिए 3 भूअभिलेख निरीक्षक लगाए गए थे। जिसमें पृथ्वीराज
सोनी, नाहरसिंह राठौर, ललितकुमार शामिल थे।
एसडीएम ने बताया कि सभी मतदाता अपना नाम मतदान केंद्र पर जाकर जांच लें, जिस मतदाता का नाम नहीं हो, नाम में अशुद्धि हो, वह अपना नाम दर्ज कराने और शुद्धि के लिए फार्म भरकर दें सकता है।
जो मतदाता रविवार को विशेष कैंप में किसी दस्तावेज की कमी से अपने आवेदन नहीं दे पाए तो, सोमवार को बीएलओ, एसडीएम कार्यालय में जमा करा सकते है। चुनाव शाखा प्रभारी दिलीप निहलानी ने भी विशेष कैंप में बीएलओ का निरीक्षण किया।
दावा निस्तारण 30 तक
एसडीएम ने बताया कि मतदाता सूची के लिए प्राप्त दावे, आक्षेपों का निस्तारण 30 सितंबर तक किया जाएगा। पूरक सूचियां 10 अक्टूबर और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 14 अक्टूबर को किया जाएगा।