मारपीट में 5 घायल, 2 कोटा रैफर
कुंडालक्षेत्र के खातीखेड़ा पंचायत मुख्यालय पर खेत से ट्रैक्टर निकालने के दौरान विवाद मारपीट में बदल गई। रावतभाटा पुलिस के अनुसार खातीखेड़ा में बजरंगलाल गुर्जर के खेत में ज्वार की फसल कटी हुई थी और आरोपी गांव के चैनराम धाकड़, प्रहलाद ने ट्रैक्टर निकाल लिया। जिस पर बजरंगलाल, रमेश गुर्जर ने उलाहना दिया और वादविवाद हो गया, दोनों पक्ष शांत हो गए।
बाद में चैनराम धाकड़, प्रहलाद धाकड़, श्यामलाल धाकड़, रामेश्वर धाकड़, बजरंग धाकड़, विनोद, कन्हैयालाल पर घर आकर मारपीट करने का केस रमेश गुर्जर ने दर्ज कराया। मारपीट में बजरंगलाल गुर्जर 60 वर्ष, रमेश गुर्जर 26 वर्ष, भरत गुर्जर 23 वर्ष, मनोज गुर्जर 25वर्ष, कैलाश बाई 55 वर्ष को चोटें आई। जिनका प्राथमिक उपचार रैफरल अस्पताल में देररात डॉक्टर अनिल जाटव ने किया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल बजरंगलाल गुर्जर, रमेश गुर्जर को कोटा रैफर किया गया। इनके सिर में गंभीर चोटें थी। दूसरी ओर लक्ष्मण धाकड़ ने बजरंगलाल, रमेश गुर्जर और अन्य पर चौराहे पर आकर मारपीट करने का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।