एनडीआर नहर से सड़ी-गली अवस्था में महिला-पुरुष के शव मिले
हनुमानगढ़| गांवआदर्शनगर रोही में नहर में रविवार दोपहर को एक साथ दो शव मिले हैं। इसमें एक महिला तो दूसरा शव पुरुष का है। शव क्षत-विक्षिप्त होने के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। इस संबंध में मर्ग दर्ज की है। गांव 14 केएसपी निवासी जयसिंह पुत्र रणजीत जाट ने पुलिस को बताया कि उसका खेत 17 एनडीआर रोही में है। रविवार दोपहर को उसने देखा कि एनडीआर नहर में पीछे से बहकर आए दो अज्ञात शव साइफन में फंसे पड़े हैं। इसमें महिला पुरुष दोनों शव के घुटने कंधे का हिस्सा अज्ञात जानवरों की ओर से काट खाने की आशंका है। दोपहर करीब दो बजे सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षिप्त शव मोर्चरी भिजवाए। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कारअनियंत्रित होकर पलटी, तीन लोग घायल
रावतसर| गांवधन्नासर रोही में मेगा हाइवे पर रविवार को एक कार के अनियंत्रित होकर पलटने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सीकर निवासी हेमराज पुत्र रामगोपाल सोनी, मोहन लाल पुत्र बंशीधर सोनी, विनोद कुमार पुत्र जगदीश सोनी अपनी कार में सीकर से हनुमानगढ़ की ओर रहे थे। रास्ते में धन्नासर के पास स्पीड ब्रेकर के कारण कार बेकाबू होकर पलटा खाकर पास के खेत में जा गिरी। इससे कार सवार तीनों जने घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।