दो साथी अध्यापकों पर हत्या का आरोप
रावतसर| इंदिरागांधी नहर की आरडी 84 पर 31 अगस्त को एक अध्यापक का शव मिलने के मामले में नया मोड़ गया है। इस मामले में स्कूल के ही दो अध्यापकों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। गौरतलब है कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 4 एस पीडी (कलाला वाली ढाणी) में तैनात अध्यापक शीशराम पुत्र कुरडाराम जाट निवासी नई आबादी हनुमानगढ़ टाउन का शव 31 अगस्त को इंदिरा गांधी मुख्य नहर की आरडी 84 पर मिला था। मृतक के साले विजेंद्र कुमार पुत्र देव करण जाट निवासी पिचानवा पुलिस थाना चिड़ावा जिला झुंझुनूं ने इसी विद्यालय के अध्यापकों महेशकुमार शर्मा भैराराम रेगर पर मृतक को नहर में धकेल कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि उक्त दोनों अध्यापकों द्वारा पोषाहार में गड़बड़ी की जा रही थी। जिसका मृतक विरोध करता था। इस कारण अध्यापकों में अनबन रहती थी। इसी अनबन के चलते दोनों आरोपियों ने उसे नहर में धक्का देकर ठिकाने लगा दिया। यह प्राथमिकी पुलिस थाना चिड़ावा से बिना नंबर के प्राप्त हुई। इसके आधार पर शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।