- Hindi News
- सफाई कार्य के दौरान जेसीबी चालक की लापरवाही से टूटा नाला
सफाई कार्य के दौरान जेसीबी चालक की लापरवाही से टूटा नाला
नगरपालिकाद्वारा स्वच्छता पखवाड़े के तहत चलाया जा रहा सफाई अभियान सुविधा की बजाए दुविधा बन गया है। रविवार को नगरपालिका के आगे से निकलने वाले गंदे नाले की सफाई करते समय जेसीबी चालक की अज्ञानता के चलते नाला एक तरफ से टूट गया। रेगर धर्मशाला बालिका विद्यालय के आसपास करीब पचास मीटर की दूरी में नाले के एक तरफ की दीवार को तोड़ दिया गया। इससे गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया।
नाला टूटने पर दुकानदारों द्वारा रोष प्रकट करने पर पालिकाध्यक्ष ताराचंद ढालिया मौके पर पहुंचे और जेसीबी चालक को मशीन ध्यान से चलाने काे कहा। दुकानदार कालू अग्रवाल, बिंद्र सिंह, रमेश सोनी, ओम प्रकाश , मुकेश शर्मा, शंकर अग्रवाल, संजीव ,रामनारायण दईया, हीरालाल आदि ने आरोप लगाया कि जेसीबी चालक की लापरवाही की वजह से नाला टूट गया है। दुकान में जाने के लिए लगाई गई पत्थर की पट्टियां लोहे की जालियां अब नाले पर लगाना असंभव हो गया है। ऐसे में छोटे दुकानदारों की ग्राहकी प्रभावित होगी। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नाले की सफाई के दौरान जेसीबी चालक की लापरवाही के कारण नाले को नुकसान हुआ है। सोमवार को नाले की मरम्मत करवा दी जाएगी।