पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चालक की समझदारी से बची 55 जिंदगियां

चालक की समझदारी से बची 55 जिंदगियां

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पल्लू। मेगाहाईवे पर टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर तीन बजे गांव बोलांवाली (संगरिया) से डूंगरगढ़ जा रही बारातियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस चालक फूसासिंह प्रजापत उर्फ हरबंस को घटना का पहले आभास हो गया और सभी सवारियों को आग लगने से पहले सुरक्षित बस से नीचे उतार लिया गया।

जानकारी के मुताबिक निजी ट्रेवल्स की एक बस नंबर आरजे 31 पीए 2461 बारात को लेकर डूंगरगढ़ की ओर जा रही थी। टोल प्लाजा के पास बस में एकाएक आग लग गई। घटना के समय बस में 55 लोग सवार थे। चालक की सूझबूझ से सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और इन्हें दूसरे वाहन से रवाना किया गया।

चालक ने महज दो मिनट पहले लिया निर्णय

बस चालक फूसासिंह पुत्र गेजा सिंह प्रजापत निवासी ढाबां ने बताया कि आग लगने से करीब डेढ़-दो मिनट पहले बस के अचानक ओवर रेस होने के कारण बस में आग लगने की आशंका हुई। उसने तत्काल बस को सड़क से उतार कर गेयरफ्री कर रोका। बारातियों को बस से नीचे उतरने को कहा। इस बीच खुद बस का इंजन बंद करने का प्रयास करता रहा। इंजन बंद नहीं हुआ।
बारातियों के उतरते ही बस के अगले हिस्से से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गई। चालक भी बस से उतर कर दूर चला गया। कुछ ही क्षणों में आग पूरी तरह से भड़क उठी। बस का इंजन धमाके के साथ फट गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि ड्राइवर से फैसला लेने में थोड़ी सी भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ओवर रेस से क्या होता है

संगरिया के ट्रांसपोर्टर सुनील अग्रवाल ने बताया कि वाहन ओवर रेस होने से इंजन बंद नहीं होता। इससे उसमें स्पार्किंग होने लगती है आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। स्पार्किंग से लगी आग जब डीजल की पाइपों से इंजन और डीजल टैंक तक पहुंचती है। इससे विस्फोट के साथ आग पूरी बस में फैलने का खतरा रहता है।

बस में आग लगने के कारण करीब एक घंटे तक मेगा हाईवे पर वाहनों की कतार लगी रही। चालक अपने वाहनों को दूर ही रोक कर जलती हुई बस को देखते नजर आए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल शिव भगवान रामस्वरूप डूडी ने आग बुझाने का प्रयास किया।
रावतसर से दमकल भी मौके पर पहुंची। पल्लू की जय ब्रह्माणी गोशाला से पानी के टैंकर मंगवाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। बस जलने के बाद आग बुझी। बाद में उसे हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई गई।