हनुमानगढ़. पंचायत चुनाव के तहत शनिवार को हुए मतदान में भाजपा के कृष्ण चोटिया जिला प्रमुख बने हैं। इसके अलावा जिले की सात पंचायत समितियों में से चार पर भाजपा का कब्जा हो गया। तीन पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान चुना गया है। जिला प्रमुख के पद के चुनाव में भाजपा की गुटबाजी सामने आई तो टिब्बी, संगरिया रावतसर में कांग्रेस को भीतरघात क्रॉस वोटिंग का सामना करना पड़ा।
हनुमानगढ़. जिलाप्रमुख के मतदान के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बेनीवाल कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी गेट पर मिले। इसी दौरान प्रदीप बेनीवाल ने
मोबाइल लहराकर क्रॉस वोटिंग होने का सुबूत दिया और कहा कि भाजपा सिद्धांतों को मानने वाली पार्टी है।
इस पर सुरेंद्र दादरी ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘सिद्धांतों वाली पार्टी को अपने जिलाध्यक्ष पर भी भरोसा नहीं है।’ प्रदीप बेनीवाल ने पलटवार करते हुए कहा, ‘आपकी पार्टी में भी रहा हूं। तब कोई सहयोग नहीं मिला। उस दौरान तो मेरे खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामले भी दर्ज कराए गए।’
इसके बाद दादरी ने जवाब दिया, ‘पार्टी ने तो आपको पूरा सम्मान दिया था। नगरपालिका अध्यक्ष भी बनाया था।’ बेनीवाल बोले, ‘वोट पार्टी को नहीं मिले थे, अपने दम पर हासिल किए थे।’ दादरी ने कहा कि जीतने के बाद सभी को यही लगता है।
इसके बाद संगरिया की पूर्व विधायक का जिक्र आया तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा, ‘अब तो उनकी बात छोड़िए।’ और यह कहकर पार्टी सदस्यों के साथ वहां से चले गए। गौरतलब है कि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बेनीवाल पहले कांग्रेस में ही थे। कांग्रेस की टिकट पर संगरिया से नगरपालिका अध्यक्ष बने और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए।
दैनिक भास्कर ने पहले बता दिए जिला प्रमुख के दावेदार
दैनिकभास्कर ने जिला प्रमुख के दावेदारों के नाम जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के समय ही बता दिए थे। इनमें भाजपा की ओर से कृष्ण चोटिया, रोशनी देवी और हनुमानगढ़ पंचायत समिति की तत्कालीन प्रधान शिमला कस्वां का नाम शामिल था। शिमला कस्वां सदस्य का चुनाव हार गई। ऐसे में प्रमुख पद के लिए कृष्ण चोटिया रोशनी देवी के नाम ही बचे और दोनों ने ही शनिवार को नामांकन दाखिल किए।