सीकर। खाटूश्यामजी मार्ग पर लाखनी मोड़ के पास स्थित टोल प्लाजा को बुधवार रात को बोलेरो जीप ने टक्कर मार दी। बाद में जीप पाइप से टकराकर रुक गई। गाड़ी में शराब रखी हुई थी, घटना के बाद ड्रायवर फरार हो गया।
टोल इंचार्ज मनोज कुमार सामोता निवासी सीलपुर ने बताया कि बुधवार रात को करीब साढ़े 12 बजे काले रंग की बोलेरो जीप खाटूश्यामजी की ओर से आई। ड्राइवर ने टोलकर्मी टीसी हेमराज छुट्टन को टोल नहीं दिया और रींगस की ओर चला गया। इसके बाद रात एक बजकर 15 मिनट पर वहीं जीप तेज गति से रींगस की ओर से आई। ड्राइवर ने जीप को डिवाइडर पर चढ़ाकर टोल प्लाजा के पाइप को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
टोलकर्मी जीप की ओर गए तो ड्राइवर फरार हो गया। लोगों ने जीप में देखा तो उसमें हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के दो कार्टन शराब का खाली छोटा ड्रम रखा था। पुलिस ने जीप को थाने ले जाकर खड़ा कर दिया। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात करीब सवा एक बजे बाबूलाल निवासी गोवटी थाना खाटूश्यामजी शराब के नशे में जीप चला रहा था। बोलेरो की जांच की तो उसमें हरियाणा निर्मित अवैध शराब के 13 भरे हुए और एक खाली पव्वा मिला।