सीकर. कस्बे में एक युवती ने अश्लील हरकत करने वाले के खिलाफ हिम्मत दिखाई। आधा किमी पीछा करके मनचले को पकड़ा और उसे पुलिस को सौंप दिया पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही गिरफ्तारी वारंट जारी हैं।
19 साल की नेहा शर्मा रींगस के वार्ड संख्या 14 में रहती हैं। बुधवार को वह अपने भाई दीपक के साथ बाइक पर खाटूश्यामजी मोड़ स्थित पति के फैंसी स्टोर पर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक बंद मिला तो वे खुलने का इंतजार कर रहे थे। पीछे से एक बाइक पर दो जने आए। विवाहिता को देखकर वह फब्तियां कसने लगा।
इस पर नेहा के भाई दीपक ने पीछे मुड़कर देखा तो एक युवक उसे अपशब्द बोलने लगा। इस पर नेहा ने हिम्मत दिखाई और अपशब्द कहने वाले को पकड़ लिया। जब नेहा पुलिस को फोन करने लगी तो मौका पाकर छेड़छाड़ करने वाला छूटकर भागने लगा। नेहा ने फिर साहस दिखाया और आधा किमी दौड़कर आरोपी को दबोच लिया। यह देखकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और आरोपी की धुनाई कर दी। आरोपी का साथी भाग निकला।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुकेश ( 23) पुत्र भगवाना राम निवासी बिरजूसिंह की ढाणी तन चौमूं पुरोहितान है। पुलिस ने बताया कि मुकेश मारपीट आदि के मामले में दो साल से फरार चल रहा था। नेहा ने भी मुकेश उसके साथी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।