ट्रॉली चोर गिरफ्तार
रामगंजमंडी| शहरमें करीब एक माह पूर्व चुराई गई ट्रॉली को मंगलवार को खुद मालिक ने देखकर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ट्रॉली जप्त कर एक जने को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी जगदीश पोरवाल की ट्रॉली गत 22 अगस्त को फैक्ट्री से चोरी हो गई थी। उसने अज्ञात जनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मंगलवार को उसके घर के सामने एक जना उसकी ट्रॉली में रेत भरकर ले जा रहा था। इस पर पोरवाल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रॉली जप्त कर ली। वहीं ट्रैक्टर से ट्रॉली लेकर जा रहे आरोढ़ाबा भानपुरा निवासी मुकेश पुत्र राधेश्याम मेघवाल को गिरफ्तार किया। मुकेश ने पूछताछ में बताया कि उसने यह ट्रॉली भवानीमंडी निवासी कबाडी अकबर पुत्र अब्दुल मुश्ताक से खरीदी थी। इस पर पुलिस ने अकबर को गिरफ्तार करने के लिए टीम भेजी है।