- Hindi News
- स्टेशन चौराहे को करेंगे अतिक्रमण से मुक्त
स्टेशन चौराहे को करेंगे अतिक्रमण से मुक्त
नगरपालिका ने दिया 48 घंटे का नोटिस, एसडीएम ने मौका देखकर अतिक्रमियों को किया पाबंद
भास्करन्यूज. रामगंजमंडी
रेलवेस्टेशन चौराहे को अब अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। यहां पर अवैध रूप से जमे अतिक्रमियों को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। यदि अतिक्रमण हट जाता है तो स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शहर में रेलवे स्टेशन के बाहर हो रहे अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन पर जाने का मुख्य रास्ता ही अतिक्रमण के कारण सिकुड़ा हुआ है। इससे यहां पर ट्रेनों की आवाजाही के समय लोगों को निकलने में परेशानी आती है। यहां थडिय़ों और ठेलों के चलते भीड़ के साथ गंदगी भी पसरी रहती है। एसडीएम एसडी मीणा ने लोगों की इस समस्या को देखते हुए अतिक्रमण को हटाने की पहल की है। उनके निर्देश पर नगरपालिका की ओर से अतिक्रमियों को नोटिस जारी कर 48 घंटे में अपने-अपने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
पालिका ईओ रूही तरुन्नम ने बताया कि 12 अतिक्रमियों को नोटिस दिए गए हैं। यदि 24 घंटे में अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो एसडीएम के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएंगी। उधर, एसडीएम मीणा ने शनिवार को स्टेशन चौराहा का निरीक्षण कर अतिक्रमियों को तुरंत अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद किया। साथ ही अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
उन्होंने यहां पर नगरपालिका के एईएन सत्यनारायण राठौर को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम मीणा ने बताया कि अतिक्रमण से स्टेशन तक पहुंचने में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन चौराहे पर अतिक्रमियों को अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद किया है। फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो नगरपालिका की ओर से अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
रामगंजमंडी। स्टेशन चौराहे पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगरपालिका अधिकारी को निर्देश देते एसडीएम।