मां फलौदी का दरबार हुआ बसंती, मेड़तवाल समाज ने कुलदेवी को पूजा
सजाई मां फलौदी की प्रतिमा, दर्शन के लिए लगी रही कतारें
बसंतपंचमी पर शुक्रवार को खैराबाद स्थित मां फलौदी मंदिर में बसंतोत्सव मनाया गया। बसंतोत्सव में शहर सहित क्षेत्र के साथ देश के विभिन्न स्थानों से मेड़तवाल समाज के लोग परिवार सहित पहुंचे और अपनी कुलदेवी की पूजा-अर्चना की।
बसंतोत्सव के तहत सुबह मां फलौदी की शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों के साथ मेला मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें श्रद्धालु भजनों पर थिरकते चल रहे थे। शोभायात्रा के समापन के बाद आरती, माला, चंवर आदि के लिए ड्रा निकाला गया।
पूर्व में इनकी बोली लगाई जाती थी। दोपहर में मां फलौदी की प्रतिमा को मंदिर के मुख्य द्वार पर विराजमान किया गया और महाआरती की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से अट गया। आरती के बाद मां फलौदी के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इससे मंदिर के बाहर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। इस दौरान मां फलौदी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। पूजन के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया।
रामगंजमंडी। बसंतोत्सव में सजाई गई मां फलौदी की प्रतिमा।
रामगंजमंडी। मां फलौदी के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की भीड़।