अभिनय में हुनर दिखा रहे हैं शहर के बच्चे
जिसउम्र में बच्चों को खेलना सबसे अधिक पसंद होता है, उस उम्र में शहर के कई बच्चे अभिनय में अपना हुनर दिखा रहे हैं। कई बच्चे स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों में अभिनय कर रहे हैं, तो कई कैमरे का सामना कर रहे हैं।
आमतौर पर स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों में बच्चे नाटक का मंचन या नृत्य की प्रस्तुति देते हैं। वहीं शहर में रंगकर्मी डॉ. सलीम की पहल पर बच्चे स्कूल के मंच से आगे बढ़कर अभिनय सीख रहे हैं। पेशे से चिकित्सक डॉ. सलीम की रंगकर्मी के रूप में भी खासी पहचान है। वे स्वयं कई टेलीफिल्म, टीवी सीरियल आदि में अभिनय कर चुके हैं। अब वे शहर में नए कलाकार तैयार करने में जुटे हैं, वह भी निशुल्क।
इसके तहत समय-समय पर शहर के प्रतिभावन बच्चों को अभिनय की बारीकियां सिखा रहे हैं। उन्हीं से अभिनय के गुर सीखने वाले शहर के अभिषेक तिवारी ने हाल ही में शॉर्ट फिल्म भूरा बनाई है। इस फिल्म में शहर के कई बच्चों ने अभिनय किया है। डॉ. सलीम की टीम के बच्चे कोटा सहित कई स्थानों पर नाटकों का मंचन कर चुके हैं। यहां अभिनय सीख रहे मरीना मॉर्टिन, सक्षम अग्रवाल, प्रिंस अग्रवाल, रिदम धाकड़, यशिका आदि ने बताया कि अभिनय सीखना अच्छा लग रहा है। ऐसे में स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों में भी बच्चों का अभिनय करने में आसानी हो जाती है।
रामगंजमंडी. कार्यशाला में अभिनय करते बच्चे।