एक माह में ही खुले सड़क के पैबंद, बन गए गड्ढे
जुल्मीसे रामगंजमंडी को जोडने वाली सड़क पर लगाए गए पैबंद एक माह में ही खुल गए हैं। इससे बदहाल हुई सड़क के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहर से जुल्मी मार्ग पर करीब एक माह पूर्व पेचवर्क किया गया था। इससे सड़क पर हो रहे गड्ढों को गिट्टी-डामर से भरा गया था। जुल्मी कस्बे से पाटली नदी के बीच में सड़क पर किया गया पेचवर्क कुछ ही दिनों में उखड़ गया है। इससे सड़क पर वापस बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इनके कारण यहां पर वाहनों को निकालने में परेशानी आती हैं। साथ ही सड़क के बीच में बड़े गड्ढे होने से दुपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का भय बना रहता है। कस्बेवासियों ने यहां पर वापस पेचवर्क करवाकर गड्ढे भरने की मांग की है। उधर, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि उक्त स्थान पर नालियां नहीं होने से पानी सड़क पर रहा है। इससे डामर की सड़क खराब हो रही हैं। इसी के चलते पेचवर्क खुल गया।
रामगंजमंडी। जुल्मी कस्बे से रामगंजमंडी मार्ग पर एक माह पूर्व किया गया पैचवर्क उखड़ गया है।