पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आरओबी निर्माण में बाधा बने दुकान मकान ध्वस्त

आरओबी निर्माण में बाधा बने दुकान-मकान ध्वस्त

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रामगंजमंडी| शहरमें खैराबाद चौराहा के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के बीच में बाधक बने अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार से कार्रवाई शुरू कर दी। पहले दिन खैराबाद चौराहा और खैराबाद रोड पर हो रहे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। अन्य स्थानों पर भी अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली-मुंबई रेलवे लाईन के कारण पटरी पार आने-जाने की समस्या को देखते हुए शहर में खैराबाद चौराहा के समीप 2008 में आरओबी स्वीकृत किया गया था। इसके बाद से निर्माण में देरी होती चली गई। दो हिस्सों में बनने वाले आरओबी में रेलवे के हिस्से का काम पूर्व में ही पूरा हो चुका है। अब इसकी दोनों ओर एप्रोच बनाने का काम चल रहा है। करीब 23 करोड़ की लागत से आरएसआरडीसी की ओर से बनाए जा रहे आरओबी में शहर के साथ खैराबाद रोड पर भी कई अतिक्रमण और मकान बाधा बने हुए हैं। गत दिनों यहां आए आरएसआरडीसी के एसई एमएम शर्मा ने भी निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण हटाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया था। अतिक्रमियों को करीब दो पूर्व ही अपने अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद सभी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर मंगलवार को तहसीलदार अनूप सिंह के नेतृत्व में प्रशासन का अमला मय जाप्ते के मौके पर पहुंचा। यहां पर जेसीबी की मदद से खैराबाद चौराहा पर बाधा बनी प्याऊ के साथ दुकानों को तोड़ दिया गया। इसके बाद खैराबाद रोड पर आरओबी के दायरे में रहे गोदाम मकानों की चारदीवारी और कुछ मकानों के आगे के हिस्से भी तोड़ दिए गए। तहसीलदार ने बताया कि सभी अतिक्रमण हटाने तक कार्रवाई जारी रहेगी।

भेदभाव का आरोप, जताया विरोध

खैराबादरोड पर अतिक्रमण हटाने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। कुछ लोगों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम एसडी मीणा को इससे अवगत कराया। इस पर एसडीएम ने बिना भेदभाव के अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खैराबाद रोड पर सड़क के सेंटर से दोनों ओर 9-9 मीटर के दायरे में रहे अतिक्रमण हो हटाना था। इसमें एक ओर तो नौ मीटर के दायरे में रहे मकान, गोदाम आदि को तोड़ दिया गया। वहीं दूसरी ओर केवल पांच मीटर तक ही अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने का काम रोक दिया। इसका पता चलते ही बडी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और अतिक्रमण हटाने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इसके बाद पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गौतम और पार्षद प्रहलाद मीणा के नेतृत्व में कुछ लोग उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीएम मीणा के समक्ष भी भेदभावपूर्ण कार्रवाई का विरोध जताया। इस पर एसडीएम मीणा ने बिना भेदभाव के कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। उन्होंने तुरंत पटवारी, कानूनगो एईएन को मौके पर भेजा। तब जाकर लोग शांत हुए।

अतिक्रमण को हटाती जेसीबी।

खबरें और भी हैं...