अजमेर। ग्राम भैरवाई स्थित राजकीय माध्यमिक स्कूल की अध्यापिकाओं के प्रतिनियुक्ति पर जाने के विरोध में ग्रामवासियों ने तीन दिन पूर्व तालाबंदी कर दी थी। तीसरे दिन भी दोपहर एक बजे तक स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस संबंध में ग्रामीण जिला परिषद सदस्य कुंदन सिंह रावत के साथ विधायक सुरेश रावत से मिले और उन्हें पूरी जानकारी दी।
विधायक ने जिला प्रमुख सीमा माहेश्वरी को घटना से अवगत कराया। इसके बाद जिला परिषद अधिकारियों ने दो अध्यापिकाओं गीतांजलि मेहता कल्पना शर्मा का प्रतिनियुक्ति आदेश रद्द कर दिया। इन दोनों अध्यापिकाओं को मूल विद्यालय में ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश दिया। इस बारे में रूपनगढ़ तहसीलदार अरुण शर्मा ने भैरवाई गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचना दी और विद्यालय का ताला खुलवाया।
ताला खुलने के बाद अध्ययन व्यवस्था सुधरी : गुरुवारदोपहर एक बजे बाद स्कूल का ताला खुला। इसके बाद संस्थाप्रधान भारत कुमार सहित अन्य अध्यापक विद्यार्थी स्कूल के अंदर पहुंचे और अध्ययन व्यवस्था पूर्ववत बहाल हो गई। प्रतिनियुक्ति पर गई अध्यापिका गीतांजलि मेहता ने ड्यूटी ज्वाइन की। संस्था प्रधान कुमार ने बताया कि दूसरी अध्यापिका कल्पना शर्मा की प्रतिनियुक्ति भी रद्द कर दी गई है। वे भी शीघ्र ड्यूटी ज्वाइन कर लेंगी।
इनका कहना है
अब तक के घटनाक्रम से ग्रामवासियों को अवगत कराया, इसके बाद ग्रामवासियों ने स्कूल का ताला खोला। प्रतिनियुक्ति पर गई अध्यापिका ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है, एक और अध्यापिका शीघ्र ड्यूटी ज्वाइन कर लेगी।
अरुण शर्मा, तहसीलदार रूपनगढ़
तीन दिनों से तनावपूर्ण माहौल चल रहा था। आखिरकार उसका पटाक्षेप हो गया। दोपहर बाद स्कूल में अध्ययन शुरू हो गया।
भारतकुमार, संस्था प्रधान